कुशीनगर: क्लीनिक का दरवाजा तोड़ चोरों ने उड़ाई लाखों की नकदी, सुकरौली कस्बे के व्यापारियों में दहशत

Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर के हाटा कोतवाली अंतर्गत सुकरौली नगर पंचायत में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती बुधवार की रात बेखौफ चोरों ने एक नेत्र क्लीनिक को अपना निशाना बनाया और वहां रखे करीब एक लाख रुपये नकद व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है।

पीछे के रास्ते घुसे चोर

घटना सरदार पटेल नगर (वार्ड नंबर 5) स्थित ‘शिवानी आई केयर क्लीनिक’ की है। क्लीनिक के संचालक डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि बुधवार रात वह अपना काम खत्म कर क्लीनिक बंद करके घर चले गए थे। चोरों ने बड़ी चालाकी से मकान के पीछे का रास्ता चुना।

चोरों ने पीछे के फाटक की सिटकनी खोली और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद एल्युमिनियम के दरवाजे को तोड़कर वे मुख्य चैंबर तक पहुंचे। चोरों ने कैश काउंटर में रखे 2050 रुपये और निजी चैंबर के लॉकर को तोड़कर उसमें रखे करीब 98 हजार रुपये नकद समेत कई अन्य कीमती सामान पार कर दिए। गुरुवार सुबह जब डॉ. संदीप क्लीनिक पहुंचे और शटर खोला, तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। सारा सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर टूटा हुआ था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही सुकरौली चौकी प्रभारी सीबी पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.