कुशीनगर: बंद मकान का ताला तोड़ चोरों ने किया हाथ साफ, अनाज से लेकर इन्वर्टर-बैटरी तक उठा ले गए
हाटा (कुशीनगर): जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मठ सूरजगिरी के करजहां घाट टोले पर गुरुवार की रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर वहां रखा कीमती सामान और अनाज पार कर दिया। पुलिस अब इस मामले की गहन छानबीन में जुटी है।
नए मकान को चोरों ने बनाया निशाना
करजहां घाट टोला निवासी राजकुमार निषाद ने गांव के बाहर अपना नया मकान बनवाया है। गुरुवार की रात पूरा परिवार नए मकान में ताला लगाकर गांव के ही अपने पुराने घर में सोने चला गया था। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने धावा बोल दिया।
चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखा गेहूं, धान, इन्वर्टर, बड़ी बैटरी, पानी का मोटर और अन्य महत्वपूर्ण घरेलू सामान चुरा लिया। शुक्रवार सुबह जब गृहस्वामी राजकुमार नए मकान पर पहुंचे, तो वहां का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर का सारा कीमती सामान गायब था।
पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। हाटा कोतवाली पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना की जानकारी प्राप्त हुई है और पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही चोरों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा और बरामदगी की जाएगी। इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: लखनऊ: कनौसी में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, नगर निगम ने मुक्त कराई 47 करोड़ की जमीन

