कुशीनगर बनेगा केले के उत्पाद का एक्सपोर्ट हब, जितिन प्रसाद ने कॉमन फैसिलिटी सेंटर को दी हरी झंडी

Sandesh Wahak Digital Desk: राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह ने शुक्रवार को राज्यसभा में कुशीनगर को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के तहत केले के उत्पाद के एक्सपोर्ट हब के रूप में विकसित करने का महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। इस पर भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कुशीनगर में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) की स्थापना को केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने की पुष्टि की।

अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक सुधार

सांसद आरपीएन सिंह ने पूरक प्रश्न के रूप में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर कुशीनगर में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण हो चुका है और आगामी मार्च माह में इसे कैट 1 ग्रेड मिलने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो जाएंगी।

कुशीनगर जिले को ODOP योजना में केले की खेती के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने तर्क दिया कि केले के उत्पादों को दुनिया भर में एक्सपोर्ट करने से जिले की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। इस एक्सपोर्ट हब का लाभ गोरखपुर, महराजगंज और देवरिया को भी मिलेगा।

कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) की स्थापना

सांसद के प्रश्न के जवाब में मंत्री जितिन प्रसाद ने बताया कि केंद्र सरकार कुशीनगर के महत्व को जानती है, क्योंकि यह करोड़ों बौद्ध अनुयायियों की आस्था का केंद्र है।

केंद्र सरकार ने टिश्यू कल्चर और केला ड्राइंग जैसे केले के उत्पादों के लिए कुशीनगर की कप्तानगंज तहसील क्षेत्र में साढ़े तीन करोड़ की लागत से ज़मीन अधिग्रहित कर ली है। इस कॉमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना से क्षेत्र में लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

आरपीएन सिंह द्वारा CFC की स्थापना के लिए समय-सीमा पूछे जाने पर, मंत्री ने कहा कि चूंकि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, इसलिए वित्तीय स्वीकृति जल्द ही मिल जाएगी और निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा।

जितिन प्रसाद ने आश्वस्त किया कि कुशीनगर सरकार की प्राथमिकता में है और यहाँ से सभी उत्पादों का एक्सपोर्ट हो, यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: ‘विजन इंडिया’ समिट में अखिलेश यादव बोले – जिन बूथों पर BJP हारी, वहां काटे जा रहे वोट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.