LA 2028 Olympics Cricket Schedule: ओलंपिक में क्रिकेट का शेड्यूल जारी, 128 साल बाद होगा गोल्ड मेडल मुकाबला

Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन ओलंपिक में अब क्रिकेट की भी आधिकारिक वापसी हो चुकी है। LA 2028 ओलंपिक के आयोजकों ने क्रिकेट प्रतियोगिता का शेड्यूल जारी कर दिया है।

128 साल बाद यह खेल दोबारा ओलंपिक का हिस्सा बन रहा है। 1900 के बाद यह पहला मौका होगा जब क्रिकेट को ओलंपिक में जगह मिली है।

क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत 12 जुलाई 2028 से होगी और महिला वर्ग का फाइनल 20 जुलाई, जबकि पुरुष वर्ग का गोल्ड मेडल मुकाबला 29 जुलाई को खेला जाएगा। क्रिकेट मुकाबले पॉमेना शहर के फेयरग्राउंड्स स्टेडियम में होंगे, जो लॉस एंजेलिस से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित है।

LA 2028 Olympics Cricket Schedule

हर दिन होंगे दो मैच, कुल 180 खिलाड़ी उतरेंगे मैदान में

आयोजकों के अनुसार, ओलंपिक क्रिकेट टूर्नामेंट में महिला और पुरुष वर्ग में 6-6 टीमें हिस्सा लेंगी। यानी कुल 180 खिलाड़ी ओलंपिक में क्रिकेट खेलते नजर आएंगे।

टूर्नामेंट के दौरान हर दिन दो मैच खेले जाएंगे, जिससे शेड्यूल कॉम्पैक्ट और हाई-ऑक्टेन रहेगा।

क्या ओलंपिक में दिखेगी टीम इंडिया?

ओलंपिक क्रिकेट को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारतीय क्रिकेट टीम इसमें हिस्सा लेगी या नहीं। बीसीसीआई पहले तक ओलंपिक जैसे बहु-खेल आयोजनों से दूरी बनाए रखता था।

लेकिन एशियन गेम्स 2023 में ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। ऐसे में अब उम्मीद है कि टीम इंडिया ओलंपिक 2028 में भी मैदान में नजर आएगी।

क्रिकेट की वैश्विक लोकप्रियता का असर

क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल करने का फैसला खेल की वैश्विक लोकप्रियता को देखते हुए लिया गया है। अमेरिका, जो ओलंपिक 2028 की मेज़बानी कर रहा है, हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2024 की भी सह-मेज़बानी कर चुका है।

ग्रैंड प्रेयरी (टेक्सास), लॉडरहिल (फ्लोरिडा) और न्यूयॉर्क जैसे शहरों में क्रिकेट को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला।

ओलंपिक क्रिकेट की इतिहास की एकमात्र विजेता टीम

गौरतलब है कि 1900 ओलंपिक में अब तक सिर्फ एक बार क्रिकेट खेला गया था। तब ब्रिटेन और फ्रांस के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें ब्रिटेन ने 158 रन से जीत दर्ज कर ओलंपिक गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

अगर फ्रांसीसी टीम पांच मिनट और खेल पाती तो वह मैच ड्रॉ हो सकता था।

क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मौका

क्रिकेट प्रेमियों के लिए LA 2028 ओलंपिक किसी त्योहार से कम नहीं होगा। न सिर्फ ऐतिहासिक वापसी का मौका है, बल्कि यह खेल नए दर्शकों और नई दुनिया तक पहुंचने जा रहा है।

अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि टीम इंडिया और अन्य प्रमुख क्रिकेटिंग नेशंस इस महाकुंभ में किस तरह हिस्सा लेती हैं — और कौन सी टीम इतिहास रचती है।

Also Read: UP News: ‘किसी को 5 साल तक मूर्ख नहीं बनाया जा सकता’, HC ने लगाई क्रिकेटर यश दयाल की गिरफ्तारी पर रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.