Deoria News: मजदूरी मांगने पर मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, सपा जिलाध्यक्ष के परिजनों पर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज अपनी बकाया मजदूरी मांगने पर कोतवाली क्षेत्र के सकरापार टोला निवासी एक मजदूर को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। परिवार का आरोप है कि इस जघन्य वारदात को सपा जिलाध्यक्ष के बेटे, भाई और भतीजे समेत चार लोगों ने अंजाम दिया।

हत्या कर घर के बाहर फेंका शव

मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपियों ने मजदूर की हत्या करने के बाद उसके शव को घर के दरवाजे पर फेंक दिया और फरार हो गए। उन्होंने पुलिस में तहरीर देते हुए सपा जिलाध्यक्ष के पुत्र, भाई, भतीजे समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित रखा गया है, ताकि आगे की जांच की जा सके।

घर से उठाकर ले गए और की बेरहमी से पिटाई

मृतक परमहंस प्रसाद (45) के बेटे ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पिता कुंज बिहारी यादव के मकान और विद्यालय में चौकीदारी का काम करते थे। कई महीनों से उनकी मजदूरी बकाया थी। इसी बकाया मजदूरी को मांगने पर परमहंस प्रसाद और कुंज बिहारी यादव के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई।

बेटे के अनुसार, उनके पिता वहां से घर आ गए थे, लेकिन करीब एक घंटे बाद कुंज बिहारी यादव, परसन यादव (पुत्र स्वामीनाथ यादव), अमरेंद्र यादव (पुत्र कुंज बिहारी यादव) और सचिन (पुत्र व्यास यादव) बाइक से आए। वे उनके पिता को जबरन उठा ले गए और बेरहमी से पिटाई कर उनकी हत्या कर दी। रात करीब 11 बजे आरोपियों ने शव को घर के दरवाजे पर फेंक दिया और मौके से भाग गए। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शीघ्र ही मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: महाराष्ट्र सरकार आज पेश करेगी जनसुरक्षा विधेयक, जानिए विपक्ष को क्यों है ऐतराज?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.