लखीमपुर खीरी: सिंगाही कस्बे की जर्जर मुख्य सड़क का निर्माण कार्य शुरू, लोगों को मिली राहत
Sandesh Wahak Digital Desk: लखीमपुर खीरी जिले के कस्बा सिंगाही में लंबे समय से खराब पड़ी मुख्य सड़क महारानी सुरथ कुमारी मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। मेला प्रारंभ होने से ठीक पहले सड़क का निर्माण शुरू होने से कस्बेवासियों और क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
तीन साल से बदहाल थी सड़क
कस्बा सिंगाही की मुख्य बाजार स्थित यह सड़क पिछले तीन वर्षों से बदहाल स्थिति में थी। नगर पंचायत सिंगाही द्वारा जून माह में सड़क निर्माण के लिए टेंडर स्वीकृत किया गया था। हालांकि, निर्माण के दौरान अतिक्रमण और छज्जों को लेकर विवाद उत्पन्न होने के साथ ही समय से पहले बारिश शुरू हो जाने के कारण काम रोकना पड़ा था।
बारिश के बीच शुरू हुआ काम
त्योहार समाप्त होने और मौसम थोड़ा अनुकूल होने पर सोमवार रात को हार्ड मिक्स मैटेरियल का उपयोग कर सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया गया। वार्ड नंबर तीन तक का कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, रात में अचानक फिर से बारिश होने के कारण लगभग सौ मीटर हिस्से का निर्माण नहीं किया जा सका।
नगर पंचायत चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम ने आश्वासन दिया है कि सड़क का निर्माण पूर्ण गुणवत्ता के साथ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो हिस्सा शेष रह गया है, उसे बारिश रुकते ही तत्काल पूरा कर दिया जाएगा।
रिपोर्ट: विनय कुमार मिश्रा
Also Read: लखनऊ में गर्ल्स हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन, कानपुर पब्लिक स्कूल और सेठ एम.आर. जयपुरिया ने जीती ट्रॉफी

