लखीमपुर खीरी: नवरात्रि की धूम, सिंगाही में कलश यात्रा से गूंज उठी सरयू नदी
Sandesh Wahak Digital Desk: शारदीय नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही लखीमपुर खीरी के सिंगाही कस्बे में भक्ति का माहौल छा गया। सोमवार को श्रद्धालुओं ने सुबह से ही मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू कर दी।
इस मौके पर सिंगाही के मोहल्ला बाजार में स्थित बरम बाबा स्थान पर मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई, जहां बड़ी संख्या में भक्त पूजा करने पहुंचे। वहीं, सिंगाही के दुर्गा देवी मंदिर में राम कथा का भी आयोजन किया गया है, जिसमें श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।

गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य कलश यात्रा
पूजा-अर्चना के बाद दुर्गा समिति ने गाजे-बाजे के साथ कस्बे में एक भव्य कलश यात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में कन्याएं और महिलाएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं। माता रानी के जयकारे लगाते हुए यह यात्रा पूरे कस्बे की परिक्रमा करते हुए सरयू नदी के खैरीगढ़ घाट पहुंची।
घाट पर पंडित उत्तम मिश्रा और धनंजय मिश्रा ने सभी कलशों में जल भरवाया। इसके बाद कलश यात्रा वापस पूजा स्थल पर लौटी। इस दौरान दुर्गा देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष उत्तम सोनी, महामंत्री संजय जैन और कोषाध्यक्ष प्रेम सोनी समेत कई प्रमुख लोग और भक्त मौजूद थे। यह यात्रा भक्ति और आस्था का एक अद्भुत संगम थी, जिसने पूरे कस्बे को भक्तिमय बना दिया।
Also Read: 61 साल बाद यूपी को मिली ‘राष्ट्रीय जम्बूरी’ की मेजबानी, लखनऊ में जुटेंगे 35 हजार स्काउट और गाइड

