Lakhimpur Kheri News: 6 साल के मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, खेत में मिला शव
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोला वन रेंज के अंदेश नगर क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव में शनिवार रात एक तेंदुआ घर के बाहर अपने पिता के साथ चारपाई पर सो रहे 6 वर्षीय बच्चे को उठाकर ले गया। ग्रामीणों ने रातभर उसे तलाशा, लेकिन रविवार सुबह जब उसका शव पास के गन्ने के खेत में मिला तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। शव अधखाया हुआ था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेंदुए ने मासूम को मौत के घाट उतार दिया।
चीख सुनकर जागा पिता, लेकिन देर हो चुकी थी
मासूम की पहचान 6 साल के बादल के रूप में हुई है, जो अपने पिता सुशील के साथ खुले में सो रहा था। रात करीब 12 बजे जब तेंदुए ने हमला किया, तो बादल की चीख सुनकर पिता जागे और शोर मचाया। ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। तुरंत ही पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि उस समय कोई मदद नहीं पहुंच सकी।
रातभर खोजबीन के बाद जब सुबह दोबारा खोज शुरू हुई, तो कुछ ही दूरी पर गन्ने के खेत में बादल का शव मिला। शव की हालत देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को ले जाने से रोक दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पिछले कई दिनों से गांव के आसपास देखा जा रहा था। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। यही नहीं, शनिवार रात को घटना की जानकारी देने के बावजूद रातभर कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद बादल की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद वन विभाग हरकत में आया है। अंदेश नगर के वन दरोगा कुलदीप सिंह ने घटना की पुष्टि की है और बताया है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा और इलाके में कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी।
गांव में पसरा सन्नाटा, डर के साये में लोग
इस घटना के बाद ज्ञानपुर गांव समेत आसपास के इलाके में डर का माहौल है। लोग बच्चों को अकेले बाहर भेजने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और गांव में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं
Also Read: Lucknow News: काकोरी में वायरल वीडियो से हड़कंप, अवैध असलहे के साथ दिखा युवक, पुलिस…

