लखीमपुर: मैलानी स्टेशन पर GRP की बड़ी कार्रवाई, 12 साल पुराने मामले में फरार वारंटी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश रेलवे पुलिस (GRP) द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत लखीमपुर खीरी जीआरपी टीम को एक अहम कामयाबी मिली है। पुलिस ने साल 2014 के एक मामले में वांछित चल रहे वारंटी अभियुक्त को मैलानी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।

लखीमपुर के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम गुरुवार को स्टेशन पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर घेराबंदी की और बलवीर सिंह उर्फ बब्बू को धर दबोचा। बलवीर सिंह काफी समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था।

क्या है मामला?

गिरफ्तार किया गया अभियुक्त बलवीर सिंह, लखीमपुर के सिंगाही थाना क्षेत्र के ग्राम दलराजपुर का रहने वाला है। उस पर साल 2014 में जीआरपी लखीमपुर में चोरी और चोरी का माल बरामद होने (धारा 379/411 भादवि) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। कोर्ट से वारंट जारी होने के बावजूद वह पेशी पर नहीं जा रहा था।

जीआरपी मैलानी चौकी प्रभारी सुधेश कुमार और सिपाही कृष्णपाल सिंह की टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए ऐसे वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Also Read: SGPGI News: यूपी में पहली बार अत्याधुनिक तकनीक से युवक का सफल कॉक्लियर इम्प्लांट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.