Lakhimpur News: थैले में लाश लेकर डीएम ऑफिस पहुंचा पिता, अवैध अस्पताल सील

Lakhimpur News: लखीमपुर खीरी के महेवागंज इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। डिलीवरी से पहले ही एक गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई और परिजनों ने निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया। मृत शिशु का शव थैले में लेकर पिता विपिन गुप्ता शुक्रवार दोपहर डीएम कार्यालय पहुंच गया। अपनी व्यथा सुनाते हुए वह अधिकारियों के सामने फूट-फूटकर रो पड़ा।

“साहब, बच्चे को जिंदा कर दो…”

थैले में लाश लेकर पहुंचे विपिन ने अधिकारियों से कहा— “साहब, बच्चे को जिंदा कर दो… इसकी मां को क्या जवाब दूंगा?” उसकी पत्नी रूबी (27) दूसरे अस्पताल में भर्ती है। उसे बताया गया है कि बच्चे की हालत नाजुक है, असली सच अभी तक नहीं बताया गया। विपिन की इस बेबसी को देखकर अफसरों का भी दिल पसीज गया। विपिन का आरोप है कि उसने पत्नी को बिजुआ पीएचसी से रेफर होने के बाद महेवागंज के गोलदार हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने 25 हजार रुपये जमा करने को कहा। पैसे पूरे न होने पर उसने 5 हजार रुपये दिए। इलाज के दौरान रूबी की हालत बिगड़ने लगी तो नर्स ने उसे जबरन अस्पताल से बाहर निकाल दिया। बाद में दूसरे अस्पताल में पता चला कि गलत दवाओं के चलते शिशु की पेट में ही मौत हो गई।

अफसरों ने सील किया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता और एसडीएम अश्विनी कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और गोलदार हॉस्पिटल को तत्काल सील कर दिया। अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों को जिला महिला अस्पताल शिफ्ट किया गया। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध और फर्जी अस्पतालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और कहा कि रूबी का इलाज जिला प्रशासन करवाएगा। उन्होंने परिजनों से आश्वासन दिया कि उन्हें किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है, पूरा खर्च प्रशासन वहन करेगा।

परिजनों की खुशी मातम में बदली

पीड़ित परिवार के लिए यह दूसरा बच्चा था। सात साल बाद घर में नई खुशी आने वाली थी, लेकिन गलत इलाज ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया। अस्पताल संचालक डॉ. मनीष कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि “मेरे अस्पताल में ऑपरेशन हुआ ही नहीं। प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई की है। सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आ जाएगी। हमारे अस्पताल का पंजीकरण नवीनीकरण न होने के कारण कार्रवाई की गई है।”

Also Read: Kanpur News: सांसद भाई पर जमीन कब्जाने की कोशिश का आरोप, डीएम से पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.