बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के घर में हुई लाखों की चोरी, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की उत्तर-पूर्वी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद और प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है।

अंधेरी पश्चिम के शास्त्रीनगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट में हुई इस चोरी को उनके ही पूर्व कर्मचारी ने अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

इस संबंध में मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंदर पांडेय ने अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा के रूप में हुई है, जिसे करीब दो साल पहले नौकरी से निकाल दिया गया था।

अंबोली पुलिस ने बताया कि प्रमोद पांडेय पिछले 20 वर्षों से मनोज तिवारी के मैनेजर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि घर के बेडरूम में रखी कुल 5.40 लाख रुपये की नकदी चोरी हुई है।

इसमें से जून 2025 में कपाट में रखे 4.40 लाख रुपये पहले ही गायब हो चुके थे, लेकिन उस वक्त चोर की पहचान नहीं हो पाई थी।

घर की चाबियों का करता था इस्तेमाल

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के पास घर, बेडरूम और कपाट खोलने की बनावटी चाबियां थीं, जिनकी मदद से वह आसानी से घर में दाखिल हो जाता था।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद दिसंबर 2025 में घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसी दौरान 15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सीसीटीवी अलर्ट के जरिए पूर्व कर्मचारी को चोरी करते हुए देखा गया।

फुटेज के अनुसार, आरोपी ने उस रात करीब एक लाख रुपये की नकदी चुराई।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद अंबोली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मामले से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: असम: पीएम मोदी का गुवाहाटी में 4 किमी लंबा रोड शो, बोडो संस्कृति के रंगों में रंगे नजर आए प्रधानमंत्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.