Lalitpur News: शराब के खिलाफ उतरीं महिलाएं, हाथ में डंडे-फावड़े लेकर तोड़ा ठेका, सड़क पर बहा दीं सैकड़ों बोतलें
Lalitpur News: बुंदेलखंड की धरती पर मंगलवार को एक अलग ही संग्राम देखने को मिला। ललितपुर जिले की खितवांस ग्राम पंचायत में शराबबंदी की मांग को लेकर महिलाओं का गुस्सा ज्वालामुखी की तरह फट पड़ा। लगभग 150 महिलाएं हाथ में फावड़े, लाठी और डंडे लेकर गांव की देशी शराब की दुकान पर धमक पड़ीं। उनके चेहरों पर बरसों का गुस्सा और परिवार बचाने की छटपटाहट साफ दिख रही थी।
ताला तोड़ा और पैरों से कुचल दी शराब
गुस्साई महिलाओं ने न सिर्फ दुकान का ताला तोड़ा, बल्कि अंदर घुसकर शराब की पेटियां बाहर सड़क पर उठा लाईं। देखते ही देखते महरौनी-ललितपुर मार्ग शराब की बोतलों के कांच से भर गया। महिलाओं ने बोतलों को सड़क पर पटककर और पैरों से कुचलकर नष्ट कर दिया। इस दौरान महिलाओं का रौद्र रूप ऐसा था कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाए और मूकदर्शक बने रहे।
ललितपुर में शराबबंदी की मांग को लेकर महिलाओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। महिलाओं ने ठेके का ताला तोड़कर देसी शराब की बोतले सड़क पर फेंक दी और पैरों से कुचल दिया। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया। #lalitpur #alcohol pic.twitter.com/kEvNVeRPnQ
— Pawan Kumar Sharma (@pawanks1997) February 4, 2026
गांव की महिलाओं का कहना है कि प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद शराब का ठेका बंद नहीं किया गया। पास में ही शराब मिलने से गांव के युवा और बुजुर्ग इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। शराब के कारण घरों में मारपीट और झगड़े आम बात हो गई है। लोग शराब के लिए घर का कीमती सामान तक बेच रहे हैं।
महिलाओं ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया, लेकिन हर बार केवल खोखले आश्वासन मिले। सोमवार को उन्होंने दुकान बंद करने का आखिरी अल्टीमेटम दिया था, लेकिन जब मंगलवार को दुकान फिर खुली मिली, तो उनका सब्र टूट गया।
Also Read: लंबित आवास मामलों के निस्तारण के लिए एकमुश्त समाधान योजना लागू करें: सीएम योगी

