अमित शाह का RJD पर बड़ा हमला, बोले- बिहार में लालू के साथ आता है अपहरण और हत्या
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर प्रचार अभियान चरम पर है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को लगातार दूसरे दिन चुनावी मैदान में उतरे और खगड़िया में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में अमित शाह ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और महागठबंधन को जंगलराज, भ्रष्टाचार और परिवारवाद के मुद्दे पर घेरा।
गृह मंत्री अमित शाह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव सिर्फ विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री चुनने का नहीं है, बल्कि यह चुनाव यह तय करने वाला है कि बिहार में जंगलराज आएगा या विकास का राज। उन्होंने लोगों से अपने वोट का इस्तेमाल सही जगह पर करने का आह्वान किया।
हम पांच दल एकजुट होकर पांडव की तरह मैदान में
अमित शाह ने एनडीए गठबंधन को मज़बूत बताते हुए कहा, आज हम पाँच दल एकजुट होकर पांडव की तरह चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की और कहा कि अगर RJD की सरकार आई तो उसके साथ जंगलराज भी आएगा, लेकिन अगर एनडीए की सरकार बनी तो विकसित बिहार पूरे भारत में अपना डंका बजाएगा।
मुंगेर, बिहार: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "बिहार का ये चुनाव यहां जंगलराज को फिर से न आने देने के लिए है…2005 में बिहार की महान जनता ने लालू-राबड़ी की विदाई कर दी। तब से नीतीश बाबू के नेतृत्व में और 11 साल से प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार विकास के… pic.twitter.com/pCNVxXeZQl
— IANS Hindi (@IANSKhabar) October 25, 2025
लालू पर निशाना, 100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली
RJD शासन काल की चर्चा करते हुए अमित शाह ने कहा कि उस दौर में अपहरण, हत्या, लूट और दुष्कर्म रोज की बात होती थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज RJD के नेता हत्या की बात कर रहे हैं, ऐसा लगता है कि सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। उन्होंने NDA सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि एनडीए की 20 साल की सरकार में बिहार में एक भी बड़ा नरसंहार नहीं हुआ। एनडीए सरकार ने बिहार को जंगलराज से मुक्ति दी, परिवारवाद समाप्त किया और सबसे बड़ी बात, बिहार को नक्सलवाद से मुक्त किया।
विकास का डबल इंजन और घुसपैठ
अमित शाह ने कहा कि बिहार विकास के इंजन से लैस होकर डबल इंजन के साथ प्रगति की राह पर है। उन्होंने एनडीए की नीति स्पष्ट करते हुए कहा, स्कूल, कॉलेज में पढ़ाई, समय पर दवाई, खेतों में सिंचाई, और सभी घरों में पानी की सप्लाई। वहीं, महागठबंधन पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि वहाँ सिर्फ दो चीजें हैं, भ्रष्टाचार और परिवारवाद।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सीएम नीतीश कुमार के ऊपर जहाँ चार आने के घोटाले का भी आरोप नहीं है, वहीं लालू यादव ने चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला सहित कई बड़े घोटाले किए। अमित शाह ने घुसपैठियों का मुद्दा भी उठाया और उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या उन्हें बिहार से भगाना चाहिए या नहीं। सभी लोगों ने हाँ में जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की चलाई जा रही योजनाओं का भी विस्तार से जिक्र किया।
Also Read: बरेली में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 40 कब्जेदार को 7 दिन का अंतिम अल्टीमेटम

