लालू के परिवार में छिड़ी सियासी जंग, तेज प्रताप ने दी तेजस्वी को खुली चुनौती
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव इन दिनों अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। वह स्वयं महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां RJD ने वर्तमान विधायक मुकेश रोशन को टिकट दिया है। पटना एयरपोर्ट पर शुक्रवार (31 अक्टूबर, 2025) को पत्रकारों से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने एक बड़ा बयान देकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी।
तेजस्वी पर पलटवार
जब पत्रकारों ने पूछा कि उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव 2 नवंबर को महुआ विधानसभा सीट पर प्रचार के लिए जा रहे हैं, तो तेज प्रताप ने तुरंत पलटवार करते हुए कहा “महुआ जा रहे हैं तो हम राघोपुर चले जाएंगे।” तेजस्वी यादव राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि तेज प्रताप यादव महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिस पर RJD ने मुकेश रोशन को उम्मीदवार बनाया है।
मोकामा की घटना और कानून-व्यवस्था
तेज प्रताप यादव ने मोकामा की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरे बिहार की स्थिति “बद से बदतर” हो गई है और कानून-व्यवस्था (Law and Order) पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने सरकार से ऐसी घटनाओं का संज्ञान लेने और आरोपियों को तुरंत पकड़ने की मांग की।
रोहिणी आचार्य पर टिप्पणी
जब उनसे पूछा गया कि उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने कहा है कि वह उनके प्रचार में नहीं जा पाएंगी क्योंकि वह किसी और दल में हैं, तो तेज प्रताप ने कहा “निश्चित तौर पर वह मेरी बड़ी बहन हैं तो वह मुझे आशीर्वाद देती हैं, लेकिन वह मेरे साथ नहीं रह सकती हैं क्योंकि वह दूसरे दल में हैं।” तेज प्रताप यादव शुक्रवार को चुनाव प्रचार में जाने के लिए निकले थे, लेकिन बारिश के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते वे लौट आए।
Also Read: ‘हमारे ऊपर भी बुलडोजर चलवा देते’, मेरठ में बीजेपी नेता को महिला व्यापारी ने सुनाई खरी-खोटी

