लालू प्रसाद यादव की आंख का मोतियाबिंद और रेटिना की सर्जरी, बेटी मीसा भारती ने दी जानकारी
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के प्रशंसकों और शुभचिंतकों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार को नई दिल्ली के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में उनकी आंख की सफल सर्जरी हुई। डॉक्टरों के अनुसार, लालू यादव अब पूरी तरह स्थिर हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।
लालू प्रसाद यादव की आंखों में मोतियाबिंद और रेटिना से जुड़ी समस्या थी, जिसके लिए पहले से ही ऑपरेशन का समय तय किया गया था। यह सर्जरी मशहूर नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. महिपाल सिंह सचदेव की देखरेख में हुई। डॉक्टरों का क्या कहना है? डॉ. सचदेव ने बताया कि आधुनिक तकनीकों की मदद से मोतियाबिंद और रेटिना की संयुक्त प्रक्रिया को बिना किसी दर्द और जटिलता के पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने इलाज पर बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और उम्मीद है कि वे बहुत जल्द सामान्य हो जाएंगे।
लालू यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती सर्जरी के दौरान उनके साथ रहीं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से पिता की सेहत की जानकारी साझा की और मेडिकल टीम का शुक्रिया अदा किया। मीसा भारती ने लिखा, ईश्वर की कृपा से मेरे पिताजी की मोतियाबिंद की सर्जरी डॉ. महिपाल सचदेव के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सहयोग देने वाले चिकित्सकों व स्टाफ का हृदय से आभार। आप सभी शुभचिंतकों से उनके शीघ्र स्वस्थ होने हेतु प्रार्थनाओं एवं आशीर्वाद की कामना करती हूं।
Also Read: भट्टा विनियमन का ‘यूपी मॉडल’ सफल, समितियों ने वसूली रिकॉर्ड आय, पर्यावरण संरक्षण में भी अव्वल

