Land For Job Scam Case: ED के समक्ष पेश हुईं राबड़ी देवी, नए सबूतों के आधार पर फिर होगी पूछताछ
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव को ‘नौकरी के बदले जमीन’ घोटाले में पूछताछ के लिए तलब किया है। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव को भी जांच एजेंसी ने समन भेजा है। ईडी ने तेज प्रताप यादव और राबड़ी देवी को मंगलवार को पटना जोनल ऑफिस में पेश होने के लिए कहा था, जबकि लालू यादव को बुधवार को बुलाया गया है।
नए सबूतों के आधार पर फिर होगी पूछताछ
इससे पहले भी ईडी लालू यादव से पूछताछ कर चुकी है और उनके बयान दर्ज किए जा चुके हैं। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि अब कुछ नए सबूत हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर दोबारा पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसी का मानना है कि इन नए सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
क्या है ‘लैंड फॉर जॉब’ घोटाला?
यह मामला पश्चिम-मध्य रेलवे के जबलपुर जोन में 2004 से 2009 के बीच ग्रुप-डी पदों पर हुई नियुक्तियों से जुड़ा है। आरोप है कि उस समय लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे और इस दौरान कुछ उम्मीदवारों को रेलवे में नौकरी देने के बदले उनके परिवार या करीबी सहयोगियों के नाम पर जमीन हस्तांतरित करवाई गई थी।
बता दें कि सीबीआई ने 18 मई 2022 को इस मामले में लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, दो बेटियों, अज्ञात सरकारी अधिकारियों और कुछ निजी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच एजेंसी के अनुसार, अब तक 30 आरोपियों के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति मिल चुकी है।
आरोप यह भी है कि 2004 से 2009 तक भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों में ग्रुप-डी पदों पर कई लोगों की नियुक्ति की गई और बदले में इन लोगों ने अपनी जमीनें लालू यादव के परिवार के सदस्यों या उनसे संबंधित कंपनी एके इन्फोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड को ट्रांसफर कर दी।
अदालत में पेशी और कानूनी कार्रवाई
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस घोटाले के सिलसिले में 28 फरवरी 2023 को लालू यादव, राबड़ी देवी और उनकी बेटी मीसा भारती समेत 14 आरोपियों को समन जारी किया था। अदालत ने सभी आरोपियों को 15 मार्च को पेश होने को कहा था, जिसके बाद अदालत ने आरोप तय किए थे।
सीबीआई ने 10 अक्टूबर 2022 को इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें 16 लोगों को आरोपी बनाया गया था। जुलाई 2022 में सीबीआई ने भोला यादव को गिरफ्तार किया था, जो लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए उनके ओएसडी थे।
लालू परिवार पर जमीन कब्जे के आरोप
सीबीआई का दावा है कि पटना में लालू यादव के परिवार ने 1.05 लाख वर्ग फीट जमीन पर कथित तौर पर कब्जा कर रखा है। यह भी आरोप लगाया गया है कि इन जमीनों के सौदे नकद में किए गए थे। यानी, लालू परिवार ने इन जमीनों को नकद देकर खरीदा था। अब इस मामले में ईडी की जांच तेज हो गई है और नए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Also Read: क्या अय्याश व भ्रष्ट अफसरों के हाथों में गिरवी रखी जा रहीं उत्तर प्रदेश की जेलें?

