गोरखपुर में जमीनों का गोरखधंधा, जीरो टॉलरेंस का नारा हुआ जीरो: अखिलेश यादव
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या के बाद अब मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र गोरखपुर में बड़े पैमाने पर जमीनों का गोरखधंधा चल रहा है, जबकि योगी सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का नारा अब ‘जीरो’ हो गया है।
अखिलेश यादव ने गोरखपुर में हुई कथित मुठभेड़ पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कल रात एक अधिकारी लखनऊ से गोरखपुर गया था। मेरी प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी, इसलिए इस समय एनकाउंटर कर दिया गया।” उन्होंने कहा कि एनकाउंटर से कानून-व्यवस्था बहाल नहीं होती, बल्कि इसके लिए अच्छे अधिकारियों को जिम्मेदारी देनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इतना बड़ा गोरखधंधा और पशु तस्करी चल रही थी, तो प्रशासन क्या कर रहा था?

‘भाजपा के पास फेक आधार बनाने की मशीन’
अखिलेश यादव ने ‘सर (SIR)’ के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा के पास नकली आधार बनाने की मशीन है, जिसका इस्तेमाल फर्जी वोट बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महोबा में एक ही पते पर चार हजार से ज्यादा वोट दर्ज हैं और नोएडा में भी सैकड़ों डुप्लीकेट वोटर हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी तंज कसते हुए कहा कि यह अब ‘जुगाड़ आयोग’ बन गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से फर्जी वोटों को रोकने के लिए मजबूत ‘बीएलए’ (बूथ लेवल एजेंट) बनाने का आह्वान किया।

सपा के काम और बुलडोजर पर पलटवार
अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की बात करते हुए अखिलेश यादव ने नोएडा में किए गए कामों को गिनाया, जिनमें सैमसंग जैसी कंपनियों का निवेश, मेट्रो का विस्तार, फ्लाईओवर और मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण शामिल है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा हमारी सरकार आई तो उसी बुलडोजर को ढूंढ कर हम भी चलाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल कमजोर लोगों के घर गिरा रही है, चाहे वे मुसलमान हों, यादव हों या ब्राह्मण।

इससे पहले, अखिलेश यादव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को आईपैड बांटे और कहा कि अगर 2027 में उनकी सरकार आई, तो वे एक बार फिर छात्रों को लैपटॉप बांटेंगे, जो आज भी चल रहे हैं।
Also Read: श्रावस्ती पुलिस ने मुठभेड़ में 6 चोरों को किया गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

