पटना में STET अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, नौकरी की मांग कर रहे युवाओं पर पुलिस का एक्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर युवाओं के गुस्से और प्रदर्शन का गवाह बनी। STET (माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा) पास कर चुके हजारों अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। ये सभी मुख्यमंत्री आवास की तरफ मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने इन्हें रोक दिया। जब प्रदर्शनकारी नहीं माने और बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश करने लगे, तो पुलिस ने उन पर जमकर लाठियाँ बरसाईं, जिसमें कई युवाओं को चोटें आईं।

डाकबंगला चौराहा बना प्रदर्शन का मुख्य केंद्र

प्रदर्शनकारी सुबह से ही पटना के डाकबंगला चौराहे पर जमा होने लगे थे। उनकी मुख्य मांग थी कि STET पास कर चुके शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को तुरंत शुरू किया जाए। उनका आरोप है कि सरकार पिछले दो साल से सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।

STET exam

बैरिकेडिंग तोड़ी, तो हुआ लाठीचार्ज

डाकबंगला चौराहे से ये सभी CM हाउस की ओर मार्च करने लगे। इन्हें जेपी गोलंबर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। करीब एक घंटे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद जब भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। मौके पर अफरातफरी मच गई और कई अभ्यर्थी घायल हो गए।

लाठीचार्ज के बाद भी युवाओं का हौसला नहीं टूटा। वे फिर से डाकबंगला चौराहे पर इकट्ठा हो गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वाटर कैनन भी मंगाई गई। महिला अभ्यर्थी भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने बैरिकेडिंग पर चढ़कर पोस्टर लहराए और सरकार से जल्द से जल्द नौकरी देने की मांग की। उनका कहना था कि सालों की मेहनत के बाद भी उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है।

Also Read: KTM 160 Duke: नई किफायती परफॉर्मेंस बाइक का टीजर जारी, जानें लॉन्च डिटेल्स

Get real time updates directly on you device, subscribe now.