UP में लॉ एंड ऑर्डर को ही गोली मार दी गई, गोरखपुर हत्याकांड को लेकर Akhilesh Yadav ने साधा निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गोरखपुर में पूर्व पार्षद की दिनदहाड़े हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना साफ दर्शाती है कि अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है और वे बिना किसी भय के वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
आस्तीनी अपराधियों पर निशाना
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने आरोप लगाया कि अब भाजपाई ‘आस्तीनी अपराधी’ ही भाजपा सरकार का एनकाउंटर कर रहे हैं, जिन्हें खुद भाजपा ने ही पाला-पोसा है। उन्होंने कहा कि जनता सब समझ रही है और प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर बेहद चिंतित है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। प्रदेश में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराधी खुलेआम हत्या और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गुंडों, माफियाओं और दबंगों का बोलबाला है और सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा पूरी तरह विफल साबित हुआ है। भेदभाव चरम पर है और सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में असफल है।
ग्रीन कॉरिडोर और जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार के आरोप
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार ने अपनी पोल खोल दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद यह परियोजना विफल हो गई। इसके साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन में बजट की लूट और पानी की टंकियों के ढहने की घटनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश में हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है।
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने आगे कहा कि जनता अब भाजपा सरकार के दावों और वादों की सच्चाई समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा।
Also Read: Lucknow News: शिक्षक मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, सपा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

