Lucknow News: आलमबाग थाने के बाहर वकीलों का हंगामा, पुलिस पर बदसलूकी का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के आलमबाग थाने के बाहर शुक्रवार को वकीलों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, आलमबाग कोतवाली क्षेत्र में एक अधिवक्ता किसी मामले में पैरवी के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की और धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इस घटना से नाराज वकीलों ने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी।
प्रदर्शनकारी वकीलों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और दोषी पुलिसकर्मियों को तुरंत लाइन हाजिर करने की मांग की। उनका कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में इंस्पेक्टर आलमबाग से बात की, तो उन्होंने दोषी सिपाहियों को मौके पर बुलाने से इनकार कर दिया। इसके बाद वकीलों ने नाराजगी जताते हुए धरना शुरू कर दिया।
बार काउंसिल तक जाएगा मामला
वकीलों का कहना है कि अगर जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गईं और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इस मुद्दे को बार काउंसिल तक ले जाएंगे। इसके अलावा, लखनऊ के प्रमुख चौराहों और पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को शांत कराने में जुटे हुए हैं। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे वकीलों में आक्रोश बना हुआ है।
Also Read: UP News: सपा सांसद रुचि वीरा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी, जानिए क्या है पूरा मामला

