Siddharth Nagar News: भू-मूल्यांकन दर में बढ़ोतरी के विरोध में वकील हड़ताल पर, DM के खिलाफ किया प्रदर्शन
Siddharth Nagar News: सिद्धार्थनगर जिले में ज़मीन के निबंधन (रजिस्ट्रेशन) और मूल्यांकन दरों में 15% से 45% तक की बढ़ोतरी के खिलाफ वकील हड़ताल पर चले गए हैं। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर द्वारा अचानक लिए गए इस फैसले से गुस्साए वकीलों ने पिछले छह दिनों से नौगढ़ और शोहरतगढ़ के उप-निबंधन कार्यालयों पर ताला लगा दिया है। उनके इस विरोध प्रदर्शन से आम जनता के बैनामा और अन्य रजिस्ट्री के काम पूरी तरह से ठप हो गए हैं।
वकीलों का आरोप है कि उन्होंने इस बढ़ोतरी के खिलाफ जिलाधिकारी कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन बिना उनकी बात सुने एकतरफा तरीके से इसका निस्तारण कर दिया गया। वकीलों के कई संघ इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं, जिनमें सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह और जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यदेव सिंह प्रमुख हैं।

भ्रष्ट डीएम मुर्दाबाद के लगे नारे
अधिवक्ताओं का एक समूह जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य द्वार पर भ्रष्ट डीएम मुर्दाबाद और डीएम की मनमानी नहीं चलेगी जैसे नारे लगा रहा है। वकीलों का कहना है कि यह बढ़ोतरी आम जनता पर एक बड़ा बोझ है और वे इसे तब तक वापस नहीं लेंगे जब तक पुरानी दरें बहाल नहीं की जातीं।
सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक डीएम इस फैसले को वापस नहीं लेते। उन्होंने कहा कि हम अंतिम समय तक इसका विरोध करेंगे।

अधिकारियों ने बातचीत से समाधान की सलाह दी
वहीं, इस मुद्दे पर सहायक महानिरीक्षक निबंधन जीके सिंह ने बताया कि ताला लगने से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि नौगढ़ में औसतन प्रतिदिन 25 से 50 रजिस्ट्रियां होती थीं, जो अब पूरी तरह प्रभावित हैं।
सिंह ने वकीलों को सलाह दी कि वे जिलाधिकारी से औपचारिक रूप से मिलकर अपनी बात रखें, ताकि इस समस्या का समाधान निकल सके। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की तरफ से महिलाओं और पारिवारिक रिश्तों में दान के लिए रजिस्ट्री पर छूट जैसी कई योजनाएं चल रही हैं, जिनसे जनता को लाभ मिल रहा है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: Lucknow News: ABVP का रामस्वरूप यूनिवर्सिटी पर अवैध कब्जे का आरोप, 48 घंटे का दिया अल्टीमेटम

