LDA ने कब्रिस्तान में बनाया PM आवास, न्याय के लिए पहुंचा बुजुर्ग, बोला- फांसी पर लटका दो या गोली मार दो
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के गोमतीनगर कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जनता अदालत में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। अपनी समस्या का समाधान न होने से परेशान एक बुजुर्ग फरियादी ने अपने बेटे के साथ मिलकर करीब 20 मिनट तक जमकर हंगामा किया। बुजुर्ग ने गुस्से में अधिकारियों से कहा कि अगर न्याय नहीं दिला पा रहे, तो गोली मरवा दो या फांसी चढ़ा दो।

क्यों भड़के बुजुर्ग फरियादी?
यह घटना जितेंद्र कुमार यादव के साथ हुई, जो मोहन रोड मौंदा के रहने वाले हैं। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि उन्हें बसंतकुंज योजना के तहत एक फ्लैट मिला था। लेकिन, जब वे जनवरी में अपने परिवार के साथ रहने गए, तो घर के पास ही तीन कब्रें देखकर उनकी पत्नी और बच्चे डर गए और वहां रहने से इनकार कर दिया। जितेंद्र ने कहा कि उन्होंने छह महीने पहले इसकी शिकायत की थी, और अधिकारियों ने कब्रों को हटवाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन, उन्हें किराये के घर में रहना पड़ रहा है।

बुजुर्ग के गुस्से को देखते हुए, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार उन्हें अपने कमरे में ले गए और उनकी समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। कब्रिस्तान पर पीएम आवास बसंतकुंज योजना में प्रधानमंत्री आवासों को पुराने कब्रिस्तान की जमीन पर बनाए जाने की भी शिकायत की गई।
Also Read: Lucknow News: समाजवादी महिला सभा का हंगामा, SIR और वोट चोरी के खिलाफ डीएम कार्यालय का…

