लखनऊ में अवैध कार वर्कशॉप पर चला LDA का बुलडोजर, गोमती नगर विस्तार में 6 सेंटर ध्वस्त
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के रिहायशी इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर चल रहे कमर्शियल सेंटरों के खिलाफ बुधवार को एलडीए का बड़ा एक्शन देखने को मिला। गोमती नगर विस्तार की आवासीय योजनाओं में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे 6 कार वर्कशॉप पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया गया।
जनता की परेशानी बनी कार्रवाई की वजह
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि रिहायशी कॉलोनियों में खुले इन गैराजों की वजह से स्थानीय लोगों का जीना मुहाल था। सड़क पर बेतरतीब तरीके से गाड़ियां खड़ी होने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। गैराज में होने वाली वाहनों की धुलाई से सड़कों पर पानी भर जाता था, जिससे गंदगी और बीमारियां पनपने का डर था।
जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के नेतृत्व में सेक्टर-1, सेक्टर-4 और सेक्टर-6 में यह कार्रवाई की गई। मेसर्स ऋषि मोटर्स समेत अन्य लोगों द्वारा आवासीय प्लॉटों पर चलाए जा रहे इन सेंटरों को पहले सील किया गया था और अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें पूरी तरह हटा दिया गया है।
चौक और राजाबाजार में भी ‘हल्ला बोल’
दूसरी ओर, पुराने शहर में भी एलडीए की टीम सक्रिय रही। जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि चौक के गोल दरवाजा और वजीरगंज के राजाबाजार में बिना नक्शा पास कराए बनाए जा रहे दो बड़े व्यावसायिक भवनों को सील कर दिया गया है। प्राधिकरण ने साफ संदेश दिया है कि बिना अनुमति किए जा रहे किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि आवासीय क्षेत्रों में चल रहे अन्य अवैध कार गैराजों और कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Also Read: बरेली के छात्रों ने सीखी खाकी की बारीकियां, SPEL कार्यक्रम के जरिए जाना कैसे बनते हैं ‘डिप्टी एसपी’?

