नैमिष नगर में अवैध खनन करने वालों की अब खैर नहीं, LDA उपाध्यक्ष ने दिए FIR के आदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को ‘नैमिष नगर’ आवासीय योजना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष तब सख्त नजर आए जब उन्हें पता चला कि प्राधिकरण द्वारा खरीदी गई जमीन पर कुछ लोग अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर रहे हैं। उन्होंने तत्काल अफसरों को फटकार लगाई और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।

अवैध खनन पर गिरी गाज
सीतापुर रोड पर विकसित हो रही इस योजना के लिए एलडीए ने किसानों से सीधी जमीन खरीदी है। निरीक्षण के दौरान पता चला कि कुछ ईंट भट्ठा संचालक बिना अनुमति के यहां से मिट्टी निकाल रहे हैं। उपाध्यक्ष के आदेश के बाद अवर अभियंता संजय जैन ने सैरपुर थाने में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ एफआईआर के लिए तहरीर दे दी है।
विकास कार्यों को हरी झंडी: IIM-रैथा रोड होगी चौड़ी
उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन सेक्टरों (विशेषकर सेक्टर-1 और 12) में 60% से ज्यादा जमीन खरीदी जा चुकी है, वहां अब इंतजार न किया जाए। वहां तुरंत टेंडर निकालकर सड़क, नाली और सीवर जैसे विकास कार्य शुरू किए जाएं। साथ ही, यातायात को सुगम बनाने के लिए आईआईएम-रैथा रोड के चौड़ीकरण का काम भी जल्द शुरू होगा।

किसानों के लिए खुशखबरी: बल्क रजिस्ट्री का अलग काउंटर
नैमिष नगर के लिए जमीन देने वाले किसानों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए उपाध्यक्ष ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में इस योजना के लिए एक अलग काउंटर खोला जाएगा, ताकि किसानों की जमीनों की बल्क में रजिस्ट्री आसानी से हो सके।
दाऊद नगर में 15 दिन में खुलेगा कल्याण मंडप
क्षेत्रीय नागरिकों के लिए एक और राहत की खबर है। दाऊद नगर में बन रहे ‘कल्याण मंडप’ का काम लगभग पूरा हो चुका है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि अगले 15 दिनों में फिनिशिंग का काम निपटाकर इसे जनता के लिए खोल दिया जाए, ताकि लोग शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक कार्यों के लिए इसका उपयोग कर सकें।
इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, प्रभारी अधिकारी संगीता राघव और जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय समेत पूरी टीम मौजूद रही।
Also Read: सिद्धार्थनगर: रिश्वतखोर लेखपाल अमित पांडेय निलंबित, पट्टा दिलाने के नाम पर वसूले थे 34,000

