Lucknow News: LDA उपाध्यक्ष की लिफ्ट 7वीं मंजिल से सीधे नीचे गिरी, बाल-बाल बचे अधिकारी, कंपनी पर FIR के आदेश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में निर्माणाधीन सीएसआई टावर्स (CSI Towers) में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार और कई वरिष्ठ इंजीनियर एक लिफ्ट हादसे का शिकार हो गए। लिफ्ट सातवीं मंजिल से अचानक फ्री-फॉल होकर धरातल पर आ गिरी। गनीमत यह रही कि सेफ्टी सिस्टम ने अंतिम समय पर काम किया और किसी की जान नहीं गई।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार अपनी टीम के साथ टावर के ‘बी’ ब्लॉक का जायजा लेने पहुंचे थे। मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह और अन्य इंजीनियरों के साथ वे 14वीं मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। जैसे ही लिफ्ट 7वीं मंजिल के पास पहुंची, उसमें जोरदार झटका लगा और वह अनियंत्रित होकर सीधे नीचे की ओर भागने लगी।

कुछ ही सेकंड में लिफ्ट धरातल पर लगे स्प्रिंग बफर से टकराई। जोरदार आवाज सुनकर वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। टक्कर के बाद लिफ्ट का दरवाजा लॉक हो गया, जिससे उपाध्यक्ष और अन्य अधिकारी अंदर ही फंस गए। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खोलकर सभी को बाहर निकाला गया।

लापरवाही पर भड़के वीसी, FIR के आदेश

इस घटना से नाराज उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सुरक्षा मानकों में बड़ी लापरवाही मानते हुए कड़ा रुख अपनाया है।

कंपनी पर एक्शन: लिफ्ट लगाने वाली एजेंसी मेसर्स असलम आगा एंड कंपनी (ओटिस) के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों पर गाज: उपाध्यक्ष ने अधिशासी अभियंता मनीष कुलश्रेष्ठ को हटाकर विद्युत यांत्रिक ईई मनोज सागर को टावर की नई जिम्मेदारी सौंप दी है। सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस ने एलडीए की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।

Also Read: UP विधानसभा में हाई वोल्टेज ड्रामा, BJP विधायक की टोका-टाकी पर भड़के स्पीकर सतीश महाना, हेडफोन फेंक सदन से बाहर निकले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.