लखनऊ के अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के लिए LDA का फरमान, अब नहीं कर सकेंगे ये काम

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (Lucknow Development Authority) ने बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों के लिए एक नया दिशा-निर्देश जारी किया है। अब शहर में किसी भी ऊंची इमारत की बालकनी की रेलिंग या बाहरी दीवार पर गमला टांगना प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्राधिकरण का यह निर्णय हाल ही में पुणे में हुई एक दुखद घटना के बाद लिया गया है, जहां एक ऊंची इमारत की बालकनी से गमला गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई थी।

एलडीए के अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि यदि कोई निवासी बालकनी में बाहर की ओर गमले टांगता या रखता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ संबंधित अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन की ओर से कानूनी कार्यवाही की जाएगी। यदि एसोसिएशन इस पर कोई कदम नहीं उठाती, तो फिर एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव, बिल्डर और फ्लैट मालिक सभी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

इसके साथ ही, सभी निवासियों को तत्काल प्रभाव से अपनी बालकनियों से गमले हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यह जिम्मेदारी सबसे पहले रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को सौंपी गई है। यदि वे भी इस आदेश का पालन नहीं कराते हैं, तो एलडीए खुद आवश्यक कार्रवाई करते हुए कानूनी प्रक्रिया अपनाएगा।

आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष उमाशंकर दुबे ने बताया कि लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और इस दिशा में पहले भी प्रयास किए जा चुके हैं। लेकिन कुछ फ्लैट मालिक आदेशों की अनदेखी करते हैं, ऐसे मामलों में हम एलडीए को सूचित करेंगे ताकि उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।

Also Read: मानव संपदा पोर्टल को ठेंगा, सरकारी विभागों में ऑफलाइन तबादलों का खेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.