लखनऊ में एलडीए का ‘पीला पंजा’, चिनहट में 28 बीघा अवैध प्लाटिंग जमींदोज, एक बिल्डिंग भी सील

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में अवैध कब्जों और बिना नक्शे के विकसित हो रही कॉलोनियों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का अभियान जारी है। शुक्रवार को एलडीए की टीम ने चिनहट इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। साथ ही, नियमों को ताक पर रखकर बनाए जा रहे एक कमर्शियल निर्माण को भी सील कर दिया गया है।

28 बीघा जमीन पर बुल्डोजर का एक्शन

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने चिनहट के दो अलग-अलग गांवों में मोर्चा संभाला। यहां राजकिशोर और डिम्पल सिंह द्वारा करीब 20 बीघा जमीन पर अवैध तरीके से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। बिना एलडीए से ले-आउट पास कराए यहां सड़कें और अन्य निर्माण शुरू कर दिए गए थे, जिन्हें बुल्डोजर चलाकर ढहा दिया गया। चिनहट के ही लौलाई (फत्ते का पुरवा) में उपेन्द्र नामक व्यक्ति द्वारा लगभग 8 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को एलडीए की टीम ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

बिना नक्शे के बन रही बिल्डिंग सील

सिर्फ प्लाटिंग ही नहीं, एलडीए ने अवैध निर्माण पर भी शिकंजा कसा है। चिनहट के भैंसौरा में एसटीपी रोड पर प्रकाशिनी मिश्रा द्वारा करीब 120 वर्गमीटर के प्लॉट पर व्यावसायिक निर्माण (कमर्शियल बिल्डिंग) कराया जा रहा था। जब जांच में पता चला कि इस निर्माण का नक्शा पास नहीं है, तो अधिकारियों ने तुरंत इसे सील कर दिया।

एलडीए की सख्त चेतावनी

प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण और बिना मंजूरी के कॉलोनी बसाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी प्लॉट या मकान को खरीदने से पहले एलडीए कार्यालय जाकर यह जरूर जांच लें कि प्रोजेक्ट का ले-आउट स्वीकृत है या नहीं।

Also Read: सहारनपुर में ANTF ने बरेली के तस्कर को दबोचा, 1.12 करोड़ की स्मैक बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.