पहलगाम हमले पर फ्रांस सहित कई देशों के नेताओं ने पीएम मोदी से की बात, भारत ने स्थगित की सिंधु जल संधि
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भारत के प्रति गहरी संवेदना और समर्थन जताया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत कर इस हमले की कड़ी निंदा की और भारत के साथ एकजुटता प्रकट की।
मैक्रों ने कहा, “भारत के लोग इस तरह के मुश्किल समय में फ्रांस की एकजुटता और दोस्ती पर भरोसा कर सकते हैं। हम हमेशा से आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ अपनी लड़ाई में एकजुट रहे हैं और आगे भी रहेंगे।” उन्होंने इस हमले को “पूरी तरह अस्वीकार्य और बर्बर” करार दिया।
इन देशों के नेताओं ने मोदी से बातचीत
फ्रांस के अलावा, जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत की और भारत के साथ अपने समर्थन की बात कही।
गौरतलब है कि इस आतंकवादी हमले में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। यह हमला मानवता को झकझोर देने वाला बताया जा रहा है और इसके पीछे की जांच जोरों पर है।
भारत ने अपनाया पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख
हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। केंद्र सरकार ने वर्ष 1960 में हुई ऐतिहासिक सिंधु जल संधि को स्थगित करने का निर्णय लिया है। गुरुवार को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई, जबकि बुधवार को ही इस दिशा में संकेत दे दिए गए थे।
बता दे, भारत के इस कदम को कूटनीतिक रूप से बड़ा बदलाव माना जा रहा है, जो पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां भी हमले के पीछे की साजिश को उजागर करने में जुटी हैं और जल्द ही और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

