अजित पवार के निधन से सियासी गलियारों में मातम, खड़गे ने जताई साजिश की आशंका, उमर अब्दुल्ला बोले- जांच का इंतजार करें

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के कद्दावर नेता अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत के बाद देश की राजनीति में शोक और संशय की लहर है। जहां एक ओर दिग्गज नेता इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस अस्वाभाविक हादसे की तह तक जाने के लिए जांच की मांग तेज हो गई है।

यह हादसा सामान्य नहीं लगता: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे एक बड़ा आघात बताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार का समय से पहले जाना विचलित करने वाला है। खड़गे ने सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा, यह एक अननैचुरल एक्सीडेंट है। छोटे प्लेन अक्सर सुरक्षित माने जाते हैं, फिर इसमें ऐसा हादसा कैसे हुआ? इसकी बारीकी से जांच होनी चाहिए।

उमर अब्दुल्ला: मौत की वजह सिर्फ ऊपर वाला जानता है

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस पर संतुलित रुख अपनाते हुए कहा कि हर क्रैश के पीछे अलग वजहें होती हैं। उन्होंने कहा, बिना जांच के यह कहना मुश्किल है कि तकनीकी खराबी थी या मौसम का असर। मौत कब और कैसे आएगी, यह सिर्फ ईश्वर जानता है, लेकिन सच सामने लाने के लिए जांच जरूरी है।

महाराष्ट्र में बार-बार ऐसे हादसे क्यों: सपा

सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने भी इस घटना पर चिंता जताई। वीरेंद्र सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर महाराष्ट्र में इस तरह की घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं? वहीं डॉ. एसटी हसन ने कहा, अजित पवार देश के बड़े नेताओं में से थे। अगर इस हादसे के पीछे कोई साजिश है, तो उसका पर्दाफाश होना चाहिए, वरना यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना है।

Also Read: प्रतीक-अपर्णा के तलाक की खबरों पर लगा ब्रेक, प्रतीक यादव ने पत्नी संग फोटो शेयर कर लिखी ये बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.