जानें कैसे Kidney को सीधा नुकसान पहुंचाते हैं BP और Diabetes
Sandesh Wahak Digital Desk: आज के समय में ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की समस्या तेजी से बढ़ रही है। पहले जहां ये बीमारियां उम्र बढ़ने के साथ देखी जाती थीं, वहीं अब कम उम्र के लोग भी इनके शिकार हो रहे हैं। खराब खानपान, तनाव, मोटापा, शारीरिक एक्टिविटी की कमी और गलत लाइस्टाइल इसके बड़े कारण माने जाते हैं। ये दोनों बीमारियां लंबे समय तक बिना स्पष्ट लक्षण के शरीर को नुकसान पहुंचाती हैं, खासतौर पर किडनी (Kidney) को।
कैसे पड़ता है Kidney पर असर?
दरअसल किडनी (Kidney) का मुख्य काम खून को साफ करना और शरीर से अधिक पानी व टॉक्सिक तत्वों को बाहर निकालना है। आरएमएल हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार जब ब्लड प्रेशर लंबे समय तक बढ़ा रहता है तो किडनी की महीन ब्लड वेसल्स पर दबाव पड़ता है। इससे उनका कामकाज धीरे धीरे कम होने लगता है। लगातार हाई बीपी रहने पर किडनी के फिल्टर कमजोर हो सकते हैं, जिससे खून ठीक से साफ नहीं हो पाता।
वहीं डायबिटीज में खून में शुगर का स्तर ज्यादा होने से किडनी (Kidney) के फिल्टर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। अधिक ग्लूकोज की वजह से ये फिल्टर प्रभावित हो सकते हैं और यूरिन में प्रोटीन आने लगता है, जो किडनी डैमेज का शुरुआती संकेत है। अगर ब्लड प्रेशर और डायबिटीज दोनों लंबे समय तक अनियंत्रित रहें तो किडनी फेल होने का खतरा बढ़ जाता है।
किडनी खराब होने के संकेत
दरअसल शुरुआती चरण में किडनी (Kidney) की बीमारी के लक्षण अक्सर स्पष्ट नहीं होते। धीरे धीरे पैरों और चेहरे पर सूजन, थकान, बार बार पेशाब आना या पेशाब में झाग आना जैसे संकेत दिख सकते हैं। कुछ लोगों को भूख कम लगना, मतली या कमजोरी महसूस हो सकती है।
वहीं गंभीर स्थिति में सांस लेने में तकलीफ हो सकती है और शरीर में सूजन बढ़ सकती है। इसलिए बीपी और शुगर के मरीजों को समय समय पर जांच कराते रहना चाहिए, ताकि किडनी से जुड़ी समस्या का समय पर पता चल सके।
बचाव के जरूरी उपाय
आपको बताते चलें कि बीपी और डायबिटीज को नियंत्रण में रखना ही किडनी (Kidney) की सुरक्षा का सबसे बड़ा तरीका है। नियमित दवाएं लेना और डॉक्टर की सलाह का पालन करना जरूरी है। नमक और चीनी का सेवन सीमित रखना चाहिए।
वहीं संतुलित डाइट, नियमित व्यायाम और वजन नियंत्रण बेहद जरूरी है। दरअसल धूम्रपान और शराब से बचना चाहिए। समय समय पर किडनी (Kidney) फंक्शन टेस्ट कराना जरूरी है, ताकि किसी भी समस्या का पता शुरुआती स्तर पर ही चल सके और गंभीर स्थिति से बचा जा सके।
Also Read: Bareilly News: 20 लाख की अफीम के साथ दो गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी बरामद

