Lucknow News: ऊर्जा मंत्री का बड़ा फैसला, यूपी में 30 सितंबर तक बिजली कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में मॉनसून को देखते हुए बिजली विभाग ने एक बड़ा फैसला लिया है। ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के निर्देश पर बिजली विभाग के सभी कर्मचारियों की छुट्टियों पर 30 सितंबर तक रोक लगा दी गई है।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के मुताबिक, बरसात के मौसम में बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और फॉल्ट की स्थिति में तत्काल सुधार कार्य के लिए यह निर्णय लिया गया है।

पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य

सूत्रों का कहना है कि बारिश के चलते अक्सर बिजली लाइनों में फॉल्ट और क्षति की घटनाएं बढ़ जाती हैं, ऐसे में पर्याप्त जनशक्ति की उपलब्धता बेहद ज़रूरी है। इसी को देखते हुए, अब किसी भी श्रेणी के बिजली कर्मी को 30 सितंबर तक अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।

बिजली विभाग की ओर से प्रदेश के सभी जोनों को इस संबंध में आदेश की कॉपी जारी कर दी गई है और इसका सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के मुताबिक, बरसात के मौसम की चुनौतियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

ऊर्जा मंत्री ने दिए कड़े निर्देश

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भी साफ निर्देश दिए हैं कि बरसात में बिजली को सुचारु रूप से चलाए रखने के लिए काम किया जाए। उन्होंने फॉल्ट की स्थिति में पैदा होने वाली बिजली की समस्या से निपटने के लिए भी निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो। बता दें कि यूपी में इन दिनों बिजली व्यवस्था को लेकर लगातार कई तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिसे देखते हुए बिजली मंत्री ने यह सख्त कदम उठाया है।

Also Read: रूस के कामचटका में 8.7 तीव्रता का भीषण भूकंप, प्रशांत क्षेत्र में सुनामी का अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.