विधान परिषद समिति ने देवरिया और कुशीनगर में की विभागवार समीक्षा, जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर मांगी रिपोर्ट

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति ने देवरिया के विकास भवन स्थित गांधी सभागार में जनपद देवरिया और कुशीनगर के विभागाध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित कीं। समिति ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति और जनहित में प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की।

जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर गहन समीक्षा

समिति के सभापति किरण पाल कश्यप की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का मुख्य केंद्र सरकार के गठन से लेकर अब तक जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रेषित पत्रों पर विभागवार की गई कार्रवाईयों का लेखा-जोखा लेना रहा। विभिन्न विभाग, जैसे पुलिस, राजस्व, चिकित्सा, पंचायती राज, सिंचाई, बेसिक शिक्षा, विद्युत, कृषि, पूर्ति, पशुपालन और चकबंदी आदि द्वारा प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

सभापति कश्यप ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदनों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए और इसकी जानकारी माननीय सदस्यों को उपलब्ध कराई जाए। अगली बैठक में सभी विभाग वर्ष 2022 से 2025 की अवधि में प्राप्त जनप्रतिनिधियों के पत्रों की संख्या, उनके निस्तारण की प्रगति और सदस्यों को अवगत कराने की स्थिति जैसे सभी बिंदुओं पर पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित हों।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कुशीनगर महेंद्र सिंह तंवर और जिलाधिकारी देवरिया दिव्या मित्तल ने समिति का स्वागत किया और दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। बैठक में समिति के सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव सहित दोनों जनपदों के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: कुशीनगर: हाटा विधायक की पहल पर सुकरौली के ‘चौधराईन पोखरे’ के सौंदर्यीकरण के लिए ₹40 लाख स्वीकृत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.