लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह बने भारतीय सेना के उप सेनाध्यक्ष
Sandesh Wahak Digital Desk: लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह ने भारतीय थल सेना के उप सेनाध्यक्ष (Vice Chief of Army Staff) का पदभार संभाल लिया है। पैरा रेजिमेंट (स्पेशल फोर्सेज) से जुड़े इस वरिष्ठ अधिकारी को उनके अदम्य साहस और उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए जाना जाता है। उन्होंने दिसंबर 1987 में सेना में कमीशन प्राप्त किया था।
1989 के एक हमले में हुए थे घायल
पुष्पेंद्र सिंह ने एक युवा अधिकारी के रूप में भारतीय शांति सेना के तहत श्रीलंका में अपनी बटालियन को जॉइन किया था। 22 जुलाई 1989 को वह एक क्विक रिएक्शन टीम का नेतृत्व कर रहे थे, तभी उनकी टीम पर घात लगाकर हमला किया गया। इस दौरान उन्होंने बहादुरी से लड़ते हुए 4 आतंकवादियों को मार गिराया, लेकिन इस भीषण संघर्ष में उनकी टीम के 5 जवान शहीद हो गए, और वह खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
उप सेनाध्यक्ष का पदभार संभालने के इस खास मौके पर उन्होंने उन 5 शहीदों के परिवारों को भी आमंत्रित किया। उन्होंने इन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर एटरनल फ्लेम पर पुष्पचक्र अर्पित किया।
38 साल का शानदार करियर
लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह का 38 साल का सैन्य करियर बेमिसाल रहा है। इस पद को संभालने से पहले वह सेना मुख्यालय में महानिदेशक, परिचालन लॉजिस्टिक्स के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने अपने करियर में ऑपरेशन पवन, ऑपरेशन मेघदूत, ऑपरेशन ऑर्किड और ऑपरेशन रक्षक जैसी कई महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में हिस्सा लिया है।
Also Read: Bareilly News: महिला मित्र के चक्कर में पति ने की पत्नी की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

