14 साल बाद भारत आ रहे लियोनेल मेसी, केरल में अर्जेंटीना की टीम खेलेगी फ्रेंडली मैच
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार लियोनेल मेसी 14 साल बाद भारत आ रहे हैं।
अर्जेंटीना फुटबॉल फेडरेशन (AFA) ने पुष्टि की है कि मेसी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना की टीम नवंबर 2025 में भारत के केरल में एक फ्रेंडली मैच खेलेगी।
10 से 18 नवंबर के बीच संभावित मुकाबला
AFA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा-
“अर्जेंटीना टीम अक्टूबर में अमेरिका में फ्रेंडली मैच खेलेगी, जिसके बाद नवंबर में भारत और अंगोला का दौरा करेगी।
भारत में मैच केरल में आयोजित होगा। तारीख और विपक्षी टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।”

यह मैच 10 से 18 नवंबर 2025 के बीच संभावित है। गौरतलब है कि साल 2011 में कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में अर्जेंटीना ने वेनेजुएला के खिलाफ मुकाबला खेला था, जिसमें मेसी ने एक गोल में असिस्ट किया था। अब 14 साल बाद मेसी दोबारा भारतीय मैदान पर दिखेंगे।
केरल के खेलमंत्री ने जताई खुशी
केरल के खेल मंत्री वी. अब्दुरहमान ने भी X (पूर्व में ट्विटर) पर इस खबर की पुष्टि करते हुए लिखा:
“वर्ल्ड चैंपियन लियोनेल मेसी की टीम नवंबर 2025 में केरल में खेलेगी।”
AFA ने 2022 फीफा वर्ल्ड कप जीत के बाद केरल से मिले समर्थन के लिए भी आभार जताया है।
पीटीआई की रिपोर्ट में था भ्रम
पहले यह अटकलें थीं कि मेसी केरल नहीं, बल्कि कोलकाता, दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जैसे शहरों का दौरा करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर सकते हैं।
लेकिन अब AFA के बयान से स्पष्ट हो गया है कि अर्जेंटीना का फ्रेंडली मैच केरल में ही होगा।
MLS में मेसी का शानदार प्रदर्शन
लियोनेल मेसी इस समय मेजर लीग सॉकर (MLS) में इंटर मियामी क्लब के लिए खेल रहे हैं। वे क्लब के लिए सबसे ज्यादा गोल और असिस्ट करने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। वह दुनिया के पहले फुटबॉलर हैं जिन्होंने तीन अलग-अलग क्लबों के लिए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है।

