लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस से शराब तस्करी का खुलासा, AC डक्ट से मिलीं 150 बोतलें
Lucknow News: रेलवे और पुलिस को मंगलवार को लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस में शराब तस्करी का एक बड़ा मामला पकड़ा है। यह खुलासा तब हुआ जब एक यात्री ने ट्रेन के सेकंड एसी (A-2) कोच में कूलिंग न होने की शिकायत की। जब रेलवे के कर्मचारियों ने एसी डक्ट को खोला, तो उसमें शराब की बोतलें मिलीं।
यात्री की शिकायत से खुला राज
लखनऊ जंक्शन से दोपहर 3:15 बजे निकली इस ट्रेन में विपिन कुमार नाम के एक यात्री ने शिकायत की कि एसी काम नहीं कर रहा है। बुढ़वल के पास जब तकनीशियन जांच करने पहुंचे और एसी डक्ट खोला, तो अंदर कपड़े में लिपटी हुई ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड की शराब की बोतलें मिलीं।
150 से ज्यादा बोतलें जब्त
इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने पूरे कोच की तलाशी ली। एसी डक्ट से कुल 22 पैकेटों में रखी गईं 150 से भी ज्यादा शराब की बोतलें बरामद की गईं। आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित राय ने बताया कि गोंडा के पास ट्रेन की जांच की गई और पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।
यह पहली बार नहीं है जब इस ट्रेन में शराब की तस्करी पकड़ी गई है। मई में भी इसी ट्रेन से 700 टेट्रा पैक शराब के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा गया था। इस लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब रेलवे ने इस रूट पर चेकिंग बढ़ाने का फैसला किया है।
Also Read: Kanpur News: कोर्ट में फर्जी हस्ताक्षर करते पकड़ा गया आरोपी, अधिवक्ता से की मारपीट

