लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण पर फिर घमासान, यार शब्द और कागज उछलने पर सदन स्थगित

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संबोधन के दौरान जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन-पाकिस्तान के मुद्दे पर राहुल गांधी की टिप्पणियों ने सदन का तापमान बढ़ा दिया, जिससे कार्यवाही बाधित हुई।

चर्चा में हिस्सा लेते हुए राहुल गांधी ने जैसे ही बोलना शुरू किया, उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए चीन और पाकिस्तान का जिक्र किया। उन्होंने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के संस्मरणों (किताब) का हवाला देना चाहा, जिस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी आपत्ति जताई। रिजिजू ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष सदन को गुमराह कर रहे हैं। इस पर राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए कहा, मैं विपक्ष का नेता हूं, मुझे बोलने दिया जाए। मुझे बार-बार रोका जा रहा है।

हंगामे के बीच सदन की मर्यादा उस समय तार-तार होती दिखी जब बहस के दौरान किसी सदस्य ने चेयर की ओर ‘यार’ शब्द का इस्तेमाल कर दिया। उस समय आसन पर बैठे पीठासीन अधिकारी कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने सख्त लहजे में फटकार लगाते हुए कहा, यह संसद है, अपनी भाषा की गरिमा बनाए रखें।

हंगामे को देखते हुए आसन ने राहुल गांधी को बोलने से रोककर अगले वक्ता के रूप में समाजवादी पार्टी के नरेश उत्तम पटेल का नाम पुकारा, लेकिन उन्होंने बोलने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद टीएमसी और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने भी राहुल गांधी के समर्थन में बोलने से मना कर दिया और वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। इसी बीच कुछ सदस्यों ने आसन की तरफ कागज भी फेंके, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

3 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित

विपक्ष की मांग थी कि राहुल गांधी को अपनी बात पूरी करने दी जाए। भारी शोर-शराबे और हंगामे को नियंत्रित न होते देख पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

Also Read: “अब पुलिस गोली न मारे तो क्या खाए”, एनकाउंटर पर बोले CM योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.