तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे ओम बिरला, पीएम मोदी की जगह लेंगे हिस्सा
Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश में हुए ऐतिहासिक चुनावों के बाद अब सत्ता की चाबी आधिकारिक तौर पर तारिक रहमान के हाथों में आने वाली है। आगामी 17 फरवरी को ढाका में होने वाले भव्य शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) ओम बिरला शामिल होंगे।
बांग्लादेश की नई सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस खास मौके पर व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया था। हालांकि, पीएम मोदी अपने पहले से तय कार्यक्रमों के कारण ढाका नहीं जा पा रहे हैं। दरअसल, 17 फरवरी को मुंबई में प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच एक बेहद अहम द्विपक्षीय बैठक होनी है। ऐसी स्थिति में भारत सरकार ने अपने लोकतंत्र के सबसे बड़े प्रतिनिधि, स्पीकर ओम बिरला को भेजने का फैसला किया है, जो दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का संदेश देगा।
साल 2024 में शेख हसीना सरकार के जाने के बाद हुए इन पहले आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने प्रचंड जीत हासिल की है। संसद की 297 सीटों में से बीएनपी ने अकेले 209 सीटें जीतकर दो दशकों का इंतजार खत्म किया है। वहीं, जमात-ए-इस्लामी 68 सीटों के साथ दूसरी बड़ी ताकत बनकर उभरी है। इस चुनाव में कुल 59.44% मतदान हुआ, जो जनता के बदलाव की लहर को दर्शाता है।
17 साल बाद घर वापसी और सत्ता
पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के लिए यह जीत किसी इमोशनल रोलरकोस्टर से कम नहीं है। उन्होंने करीब 17 साल लंदन में निर्वासन (देश निकाला) में बिताए। लंदन में बैठकर ही उन्होंने डिजिटल माध्यमों से अपनी पार्टी को एकजुट किया और चुनाव में जीत सुनिश्चित की। अब वे स्वदेश लौटकर प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करेंगे।
ढाका में लगेगा दुनिया भर के नेताओं का जमावड़ा
तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में दक्षिण एशिया सहित दुनिया के 13 देशों के प्रतिनिधियों को न्योता दिया गया है। भारत के ओम बिरला के अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भी ढाका पहुँचने की संभावना है। इसके अलावा चीन, सऊदी अरब, यूएई, तुर्की और श्रीलंका जैसे देशों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे यह आयोजन एक बड़े क्षेत्रीय शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
Also Read: Lucknow News: एटीएम कार्ड स्वाइप गैंग का पर्दाफाश, 181 कार्ड्स के साथ 2 शातिर ठग गिरफ्तार

