प्रयागराज के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर लगी लंबी कतार, अखिलेश यादव ने शेयर किया वीडियो

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर हुई भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस हादसे को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें मृतकों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शव लेने के लिए लंबी कतार में खड़े दिखाई दे रहे हैं।

सपा प्रमुख ने की संज्ञान लेने की अपील

अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “यह समाचार बेहद दुखद और ध्यान देने योग्य है कि महाकुंभ हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के परिजन शव लेने के लिए प्रयागराज के पोस्टमार्टम हाउस के बाहर कतार में खड़े हैं। परिजनों को शव नहीं सौंपा जा रहा है, जबकि वे सरकार से किसी भी प्रकार की सहायता राशि या मुआवजा नहीं मांग रहे हैं। वे केवल अपने परिजनों के शव सौंपे जाने की मांग कर रहे हैं। कोई सक्षम अधिकारी इस मामले का संज्ञान ले।”

कैसे हुई भगदड़?

जानकारी के अनुसार, यह हादसा 29 जनवरी की देर रात, मंगलवार और बुधवार के दरमियान अमृत स्नान पर्व मौनी अमावस्या के दौरान हुआ। देर रात करीब 1:30 बजे संगम नोज पर 100 मीटर के दायरे में श्रद्धालु सो रहे थे। इसी दौरान दोनों किनारों से भारी भीड़ स्नान के लिए संगम नोज की ओर बढ़ने लगी। पुलिस प्रशासन द्वारा कई बार अनाउंसमेंट किए जाने के बावजूद सो रहे लोग नहीं उठे।

भीड़ का दबाव बढ़ने के कारण लोग संतुलन खो बैठे और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। इस भगदड़ में कई लोग कुचले गए और उनकी मौत हो गई।

भगदड़ के दौरान अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कोई यह नहीं देख रहा था कि कौन नीचे दब रहा है और किसकी जान जा रही है। 10 मिनट के भीतर गंगा की रेती पर भयावह दृश्य उत्पन्न हो गया। घटनास्थल पर श्रद्धालुओं के कपड़े, बैग, कंबल, जूते और मोबाइल बिखरे पड़े मिले।

परिजनों को शव न मिलने से नाराजगी

घटना के बाद मृतकों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शव प्राप्त करने के लिए घंटों से इंतजार कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें सरकार से किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं चाहिए, केवल उनके प्रियजनों का पार्थिव शरीर सौंप दिया जाए ताकि वे अंतिम संस्कार कर सकें। प्रशासन ने इस हादसे को लेकर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने और मृतकों के परिजनों को जल्द से जल्द शव सौंपने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Also Read: आय बढ़ाने में भी वेटलैंड्स की अहम भूमिका: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.