शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की बढ़ी मुश्किलें, लुकआउट नोटिस जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने दोनों के खिलाफ 60 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने उनकी आवाजाही पर नज़र रखने के लिए एक लुकआउट नोटिस भी जारी किया है, जिससे अब वे देश से बाहर नहीं जा सकेंगे।
शिकायतकर्ता दीपक कोठारी नाम के एक व्यापारी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच शिल्पा और राज की कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड में लगभग 60 करोड़ 48 लाख रुपये का निवेश किया था। कोठारी का दावा है कि उनके निवेश का पैसा बिजनेस के बजाय दंपत्ति के निजी खर्चों में इस्तेमाल किया गया।
कोठारी ने बताया कि 2016 में खुद शिल्पा शेट्टी ने उन्हें पैसे लौटाने की गारंटी दी थी। लेकिन बाद में शिल्पा ने कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया और कंपनी दिवालिया घोषित हो गई। कोठारी का आरोप है कि उन्हें न तो इसकी कोई जानकारी दी गई और न ही उनका पैसा वापस किया गया।
EOW ने इस शिकायत के आधार पर शिल्पा और राज के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 403, 406 और 34 के तहत FIR दर्ज कर ली है। जांच एजेंसी अब यह पता लगा रही है कि निवेश के पैसे का इस्तेमाल कहाँ-कहाँ हुआ। लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद, इन दोनों के लिए देश छोड़कर जाना मुश्किल हो गया है, जिससे उनकी मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं।
Also Read: लखनऊ में नगर निगम की लापरवाही से बड़ा हादसा, नाली निर्माण के दौरान दीवार गिरी, चार मजदूर दबे

