नए साल पर गैस सिलेंडर 111 रुपये हुआ महंगा, जानें दिल्ली-मुंबई समेत आपके शहर के नए दाम
Sandesh Wahak Digital Desk: 1 जनवरी, 2026 की सुबह ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी कर दी हैं। नए साल के पहले ही दिन 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 111 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) इस्तेमाल करने वाले परिवारों के लिए राहत की बात यह है कि उनके सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
प्रमुख शहरों में अब क्या हैं नई कीमतें
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी के बाद देश के महानगरों में भाव कुछ इस तरह हो गए हैं।
दिल्ली: अब सिलेंडर 1580.50 के बजाय 1691.50 रुपये में मिलेगा।
कोलकाता: यहाँ कीमत 1684 से बढ़कर 1795 रुपये हो गई है।
मुंबई: पहले 1531.50 में मिलने वाला सिलेंडर अब 1642.50 रुपये का हो गया है।
चेन्नई: यहाँ सबसे ज्यादा मार पड़ी है, अब कीमत 1849.50 रुपये पहुँच गई है।
कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने का सीधा असर बाहर खाना खाने वालों की जेब पर पड़ता है। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों का खर्च बढ़ने से आने वाले दिनों में खाने-पीने की थाली महंगी होने की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि पिछले दो महीनों (नवंबर और दिसंबर) में कीमतों में मामूली कटौती की गई थी, लेकिन साल के पहले ही दिन कंपनियों ने सारा फायदा वसूल लिया है।
आम जनता के लिए सुकून भरी खबर यह है कि घर में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के सिलेंडर के दाम में कोई इजाफा नहीं हुआ है। दिल्ली में यह अब भी 853 और मुंबई में 852 रुपये के पुराने रेट पर ही उपलब्ध है।
Also Read: चलती ट्रेन में 1 किलो सोना लूटने वाले GRP थानेदार गिरफ्तार, 4 जवान भी सस्पेंड

