LPG संकट के बीच सरकार का बड़ा फैसला, ग्रामीण इलाकों में अब इतने दिनों बाद मिलेगा सिलेंडर
LPG Crises News: ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रहा है। इसी बीच भारत में कुछ जगहों पर एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर अव्यवस्था की खबरें सामने आई हैं। इन हालातों के बीच जानकारी मिली है कि ग्रामीण इलाकों में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग का समय 25 दिन से बढ़ाकर 45 दिन कर दिया गया है।
हालांकि शहरी क्षेत्रों में अभी कोई नया बदलाव नहीं किया गया है और वहां उपभोक्ता पहले की तरह 25 दिन के भीतर अगला सिलेंडर बुक करा सकते हैं। बताया जा रहा है कि गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों के कारण लोग जल्दी-जल्दी सिलेंडर बुक कराने लगे थे, जिसके चलते यह फैसला लिया गया।

पहले 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन किया गया था
इससे दो दिन पहले ही केंद्र सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए एलपीजी बुकिंग नियमों में बदलाव किया था। तब घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई थी।
बताया गया था कि मध्य एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के प्रभावित होने की आशंका के कारण गैस सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार कुछ उपभोक्ता सिर्फ 15 दिन के अंतराल में ही सिलेंडर बुक कराने लगे थे, जबकि पहले औसतन 55 दिनों में बुकिंग होती थी।
मंत्रालय ने कहा—घबराकर सिलेंडर बुक न करें
पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ किया है कि देश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद है। लोगों को घबराकर बार-बार सिलेंडर बुक करने की जरूरत नहीं है।
मंत्रालय के अनुसार घरेलू रिफाइनरी कंपनियों ने एलपीजी उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी भी की है। इसके अलावा होर्मुज जलडमरूमध्य से सप्लाई प्रभावित होने की स्थिति में भारत ने अन्य स्रोतों से कच्चे तेल की व्यवस्था भी कर ली है।

