LPG सिलेंडर की कीमतों में तगड़ा उछाल, खरगे बोले- जनता पर महंगाई का हंटर चला रहे हैं PM

Sandesh Wahak Digital Desk: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब सीधे आपकी रसोई पर पड़ने लगा है। शनिवार को तेल कंपनियों ने रसोई गैस (LPG) की कीमतों में तगड़ा इजाफा कर दिया है। घरेलू सिलेंडर के दाम जहां ₹60 बढ़ा दिए गए हैं, वहीं कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी ₹115 (लगभग) की बढ़ोतरी हुई है। इस फैसले के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

मल्लिकार्जुन खरगे का तीखा प्रहार

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (Twitter) पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनता पर लगातार ‘महंगाई का हंटर’ चला रहे हैं। उन्होंने लिखा “पहले कम अंतरराष्ट्रीय दामों का लाभ जनता से छीना, अब महंगाई के बोझ से जनता का पसीना निकाला जा रहा है। जंग होने पर ‘सब चंगा सी’ का दावा करने वाली मोदी सरकार अब तेल-गैस और खाद मुहैया कराने में पूरी तरह लाचार दिख रही है।”

अब कितने में मिलेगा सिलेंडर?

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की वेबसाइट के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में अब स्थिति कुछ इस प्रकार है।

घरेलू सिलेंडर (14.2 किलो): गैर-सब्सिडी वाला सिलेंडर अब ₹913 में मिलेगा (पहले यह ₹853 का था)।

कमर्शियल सिलेंडर (19 किलो): इसकी कीमत में सीधे ₹114.50 का इजाफा किया गया है।

साल की दूसरी बढ़ोतरी: गौरतलब है कि एक साल के भीतर ही गैस के दामों में यह दूसरी बड़ी वृद्धि है।

कांग्रेस ने पीएम को बताया ‘महंगाई मैन’

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री को ‘महंगाई मैन’ की उपाधि दी। पार्टी का आरोप है कि सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का बहाना बनाकर आम आदमी की जेब काटने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। विपक्ष का कहना है कि एक तरफ लोगों की कमाई कम हो रही है और दूसरी तरफ बुनियादी सुविधाओं की कीमतें आसमान छू रही हैं।

Also Read: 6 महीने, पूरा प्रदेश और एक बड़ा खुलासा, जानिए कौन से शिक्षक रडार पर और किसकी कुर्सी खतरे में?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.