Hapur News: गैस किल्लत के बीच सिलेंडरों का अवैध स्टॉक बरामद, एजेंसियों पर पुलिस का पहरा
Hapur News: ईरान-इजरायल युद्ध के कारण पैदा हुए वैश्विक संकट ने देश भर में एलपीजी (LPG) की सप्लाई चेन बिगाड़ दी है। उत्तर प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। हापुड़ जिले में गैस की भारी किल्लत का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ पुलिस और आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार रात प्रशासन ने एक घर पर छापा मारकर 32 अवैध सिलेंडर बरामद किए हैं।
जिलाधिकारी के सख्त निर्देश पर जिले में गठित विशेष टीमों को सूचना मिली थी कि सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार रात करीब 9 बजे आपूर्ति विभाग की टीम ने एक संदिग्ध घर पर छापा मारा। घर के भीतर से 18 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर मिले। घर का मालिक इन सिलेंडरों के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद सभी 32 सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया। अब आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भारत में भारी गैस संकट के बीच हापुड़ से समाजवादी पार्टी नेता अब्दुल रहमान के घर से 55 भरे हुए व खाली सिलिंडर मिले हैं.
1 दिन पहले ही समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा था कि "ख़ाली हो गया भाजपा के अच्छे दिनों का सिलिंडर"#LpgGasCrisisIndia #LPGSupply # pic.twitter.com/JBY1Adriff
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) March 12, 2026
हापुड़ में हालात ऐसे हैं कि गैस एजेंसियों और गोदामों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं का हुजूम उमड़ रहा है। गांव टियाला स्थित भारत गैस के गोदाम पर गुरुवार सुबह 10 बजे तक सैकड़ों लोग जमा हो गए। लाइन में लगे लोगों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसे काबू करने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। लोग इस डर में हैं कि कहीं आने वाले दिनों में गैस मिलना पूरी तरह बंद न हो जाए।
जिला आपूर्ति अधिकारी सीमा बलियान ने स्पष्ट किया है कि युद्ध की वजह से सप्लाई में कुछ बाधाएं जरूर हैं, लेकिन इसका फायदा उठाने वाले जमाखोरों को बख्शा नहीं जाएगा। जिले की सभी तहसीलों में विशेष टीमें लगातार गश्त कर रही हैं ताकि कोई भी व्यक्ति गैस की किल्लत का गलत फायदा न उठा सके।

