LPG Update: अब 35 दिन बाद ही मिलेगा दूसरा सिलेंडर, उज्ज्वला लाभार्थियों को करना होगा और भी इंतज़ार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में गहराते एलपीजी संकट के बीच तेल कंपनियों ने घरेलू गैस आपूर्ति के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है। अब उपभोक्ताओं को अपनी रसोई चलाने के लिए और भी अधिक सावधानी बरतनी होगी। नए नियमों के मुताबिक, सिलेंडर की रिफिलिंग के लिए अब एक निश्चित समय सीमा (Waiting Period) तय कर दी गई है, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
रिफिलिंग के नए ‘स्लॉट’ तय
यूपी एलपीजी एसोसिएशन और गाजियाबाद एलपीजी एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि गैस एजेंसियों को नई गाइडलाइंस प्राप्त हो गई हैं:
दो सिलेंडर वाले उपभोक्ता: जिनके पास डबल सिलेंडर कनेक्शन है, उन्हें अब 35 दिन के अंतराल के बाद ही अगला सिलेंडर दिया जाएगा।
उज्ज्वला योजना: गरीब परिवारों और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए यह प्रतीक्षा अवधि 45 दिन निर्धारित की गई है।
एक सिलेंडर वाले उपभोक्ता: सिंगल सिलेंडर कनेक्शन वालों को 25 दिन बाद रिफिल उपलब्ध कराई जाएगी।
कमर्शियल सप्लाई: व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति फिलहाल केवल आपातकालीन सेवाओं और शिक्षण संस्थानों तक ही सीमित कर दी गई है।
BPCL का ‘पूछताछ’ फॉर्मूला: मेहमान आए तो बताना होगा
सिलेंडरों की किल्लत को देखते हुए भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने एक अनोखी प्रक्रिया शुरू की है। यदि किसी उपभोक्ता ने अपने सालाना कोटे के 12 सिलेंडर रिफिल करा लिए हैं, तो उन्हें ‘हेलो बीपीसीएल’ ऐप पर सवालों के जवाब देने होंगे। सिलेंडर बुक करने से पहले यह बताना अनिवार्य होगा।
- क्या परिवार में सदस्यों की संख्या 6 से अधिक है?
- क्या घर में कोई मेहमान आया है?
- क्या घर में कोई शादी, भंडारा या विशेष आयोजन है?
- क्या गैस का उपयोग किसी अन्य घरेलू कार्य के लिए हो रहा है?
इन सवालों के संतोषजनक जवाब और विवरण देने के बाद ही नया सिलेंडर बुक किया जा सकेगा।
Also Read: अखिलेश यादव का केंद्र और यूपी सरकार पर चौतरफा हमला, बोले- भाजपा की डिप्लोमेसी फेल

