लखनऊ में अब बाढ़-जलभराव से मिलेगी राहत, 148.87 करोड़ से बनेंगे 12 फ्लड पम्पिंग स्टेशन
Lucknow News: लखनऊ के गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद सीमावर्ती इलाकों में जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने भविष्य में ऐसे हालात से निपटने के लिए आईआईएम रोड से किसान पथ तक 12 फ्लड पम्पिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
एलडीए ने जलभराव वाले स्थानों का सर्वे कराकर इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। प्रस्ताव के तहत ग्रीन कॉरिडोर के किनारे अलग-अलग जगहों पर फ्लड पम्पिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
बारिश का पानी तेजी से निकालने की तैयारी
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि भारी बारिश के बाद गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से सीमावर्ती क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी थी। इसे देखते हुए प्रभावित स्थानों का सर्वे कराया गया। सर्वे में जहां-जहां जलभराव की समस्या सामने आई, उन स्थानों को चिन्हित कर रिपोर्ट तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा बनने पर लोगों को परेशानी से बचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर के किनारे अलग-अलग चैनेज पर फ्लड पम्पिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन स्टेशनों की मदद से प्रभावित इलाकों में जमा होने वाले बारिश के पानी की जल्द निकासी की जा सकेगी।
148.87 करोड़ रुपये होंगे खर्च
प्रस्ताव के तहत 400 किलोलीटर क्षमता के 8 और 600 किलोलीटर क्षमता के 4 फ्लड पम्पिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इनकी कुल अनुमानित लागत करीब 148.87 करोड़ रुपये है।
एलडीए उपाध्यक्ष के मुताबिक शासन से मंजूरी मिलते ही एलडीए और नगर निगम मिलकर फ्लड पम्पिंग स्टेशनों का निर्माण शुरू कराएंगे। इनसे बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों से पानी की निकासी को बेहतर करने में मदद मिलेगी।
इन 12 जगहों पर बनेंगे स्टेशन
प्रस्तावित फ्लड पम्पिंग स्टेशन इन स्थानों पर बनाए जाने हैं—
- आईआईएम इंटरसेक्शन
- कैटिल कॉलोनी, बसंतकुंज योजना
- गऊ घाट ब्रिज के पास
- सेक्टर-7, गोमती नगर विस्तार
- ग्राम घैला, प्रबंध नगर योजना
- सीतापुर बंधा रोड
- इकाना स्टेडियम के पास
- सीजी सिटी ड्रेन के पास
- ग्राम बक्कास, आईटी सिटी
- ग्राम चौरासी, वेलनेस सिटी
- ग्राम नूरपुर बेहटा, वेलनेस सिटी
- किसान पथ के पास

