लखनऊ: 1 करोड़ की मॉर्फिन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, साल के आखिरी दिन ANTF की बड़ी कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: साल 2025 के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने राजधानी के नगराम थाना क्षेत्र से दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की मॉर्फिन बरामद हुई है।
एएनटीएफ लखनऊ की टीम ने एक सटीक सूचना के आधार पर नगराम क्षेत्र के घुड़सारा पुलिया (बड़ी नहर) के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक दोपहिया वाहन पर सवार दो संदिग्धों को रोका गया, जिनकी तलाशी लेने पर कुल 990 ग्राम मॉर्फिन भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹1 करोड़ आंकी गई है। तस्करों के पास से एक मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और कुछ नकद राशि भी जब्त की गई है।
तस्करों की पहचान और नेटवर्क
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान रायबरेली निवासी कुलदीप सिंह और अंकुश यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि इन तस्करों का नेटवर्क रायबरेली से लेकर लखनऊ तक फैला हुआ था। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे कम समय में मोटा मुनाफा कमाने और अधिक पैसे के लालच में इस अवैध कारोबार में उतरे थे। वे लखनऊ में ग्राहकों की तलाश में आए थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
थाना नगराम में दोनों अभियुक्तों के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब इनके मोबाइल डेटा के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े सप्लायरों और खरीदारों की तलाश कर रही है।
Also Read: ‘लोकसभा से बेइज्जत करके निकाला गया, जिंदा रहा तो…’, बृजभूषण सिंह का छलका दर्द

