Lucknow News: शादी समारोह में 2 साल की मासूम से दरिंदगी, कैटरिंग मजदूर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है।

यहाँ एक शादी समारोह में आए 23 वर्षीय युवक ने दो साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की।

परिजनों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) के मुताबिक, घटना 25 नवंबर की रात करीब 12 बजे की है। आरोपी संदीप कुमार (23), जो सीतापुर का रहने वाला है और कैटरिंग का काम करता है, अपनी एक महिला मित्र के बुलाने पर इटौंजा के एक गांव में शादी समारोह में आया था।

आरोप है कि भीड़भाड़ का फायदा उठाकर वह 2 साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर छत पर ले गया।

वहां वह बच्ची के साथ घृणित कार्य कर रहा था, तभी परिजनों की नजर उस पर पड़ गई। परिजनों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक इटौंजा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रात 12:10 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची को तत्काल मेडिकल जांच और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट (3/4) के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

आरोपी संदीप कुमार को आज न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण 

विवरण जानकारी
नाम संदीप कुमार पुत्र सियाराम
उम्र 23 वर्ष
निवासी ग्राम सीरगंज, थाना सिधौली, जनपद सीतापुर
व्यवसाय कैटरिंग मजदूर

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम थाना इटौंजा

1. अति0 निरीक्षक श्री विनोद कुमार यादव, थाना इटौंजा-लखनऊ

2. म0उ0नि0 सुश्री सुमन सैनी, थाना इटौंजा-लखनऊ

3. उ0नि0 श्री नरेन्द्र कुमार भारती, थाना इटौंजा-लखनऊ

4.का0 सिद्धार्थ कुमार, थाना इटौंजा-लखनऊ

Also Read: Jaunpur News: बेटे की चाह में डेढ़ वर्षीय बेटी की नृशंस हत्या, 6 दिन बाद नदी किनारे मिला शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.