लखनऊ: सुशांत गोल्फ सिटी में 20 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, गोमती नगर और चिनहट में बिल्डिंग सील

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अपना अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को एलडीए की प्रवर्तन टीम ने सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 20 बीघा जमीन पर की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही पॉश इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माणों पर भी सील लगा दी गई।

कहां-कहां चला बुलडोजर?

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी के ग्राम बक्कास, शेखनापुर और चिलौला में व्यापक अभियान चलाया गया।

अवैध प्लाटिंग: विशाल भारद्वाज, संजय मौर्या, आशुतोष दीक्षित, कप्तान सिंह और सूबेदार सिंह द्वारा बिना लैंड यूज चेंज कराए और बिना ले-आउट पास कराए 20 बीघा में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, जिसे ध्वस्त कर दिया गया।

अवैध निर्माण: ग्राम बक्कास की दुर्गा ग्रीन कॉलोनी में शिव राज द्वारा लगभग 200 वर्गमीटर पर किए गए अवैध निर्माण को भी गिरा दिया गया।

गोमती नगर और चिनहट में कार्रवाई

सिर्फ प्लाटिंग ही नहीं, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों में बिना अनुमति के बन रही इमारतों पर भी गाज गिरी है।

विपुल खंड (गोमती नगर): स्वाती और अंशुल गुप्ता द्वारा 288 वर्गमीटर के भूखंड पर बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया गया।

मल्हौर (चिनहट): कैलाश चंद्र अग्रवाल द्वारा लगभग 500 वर्गमीटर जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को पुलिस बल की मौजूदगी में सील किया गया।

LDA की चेतावनी

प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या मकान को खरीदने से पहले उसका ले-आउट और नक्शा जरूर चेक कर लें। बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने वालों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Also Read: लखनऊ को मिलेगी नई पहचान, सीजी सिटी में बनेगा 20 एकड़ का भव्य ‘अर्बन पार्क’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.