Lucknow News: CMS राजेंद्र नगर-2 में हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम, 212 विद्यार्थियों को दी स्वास्थ्य संबंधी अहम जानकारी

Lucknow News: सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) राजेंद्र नगर-2 में अजंता हॉस्पिटल एवं IVF सेंटर, आलमबाग के सहयोग से स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कक्षा 3 से 8 तक के 212 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

अजंता हॉस्पिटल एवं IVF सेंटर की कंसल्टेंट पीडियाट्रिशियन डॉ. पारुल सोहाने ने विद्यार्थियों को बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, पर्याप्त पानी पीने, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद को स्वस्थ जीवनशैली के लिए जरूरी बताया।

विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों के सीमित इस्तेमाल की सलाह देते हुए खेल, संगीत, कला और पठन-पाठन जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।

किशोरावस्था और व्यक्तिगत सुरक्षा पर जागरूकता

कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म और स्वच्छता से जुड़े जरूरी पहलुओं के साथ किशोरावस्था में होने वाले सामान्य शारीरिक बदलावों की उम्र के अनुरूप जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सीमाओं और सुरक्षित-असुरक्षित शारीरिक संपर्क के बारे में भी जागरूक किया गया।

उन्हें बताया गया कि किसी भी परिस्थिति में असहज या असुरक्षित महसूस होने पर तुरंत माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय वयस्क को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

स्कूल प्रबंधन ने की पहल की सराहना

कार्यक्रम में CMS राजेंद्र नगर-2 की प्रधानाचार्या गगन प्रीति सेठी और कैंप प्रभारी दिव्या थॉमस मौजूद रहीं।

स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर अजंता हॉस्पिटल एवं IVF सेंटर की पहल की सराहना की।

अस्पताल की ओर से के. एस. एबॉट और विक्रम खन्ना नर्सिंग टीम के साथ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को स्वस्थ आदतें अपनाने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और अपने शरीर के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

Also Read: Portugal Cricket: रोनाल्डो के देश ने क्रिकेट में रचा इतिहास, T20 वर्ल्ड कप 2028 की ओर बढ़ाए कदम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.