Lucknow: अंसल API के खिलाफ धोखाधड़ी का 214वां मुकदमा, महिला से 7 लाख रुपये की ठगी, FIR दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बावजूद लखनऊ में अंसल API के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हर हफ्ते करीब आधा दर्जन नए मुकदमे दर्ज हो रहे हैं, और अब अंसल के खिलाफ दर्ज एफआईआर की कुल संख्या 214 तक पहुंच चुकी है।

ताजा मामला लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज हुआ है, जहां गोमती नगर की रहने वाली चारु अग्रवाल ने अंसल के मालिकों और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है।
भरोसा योजना में बुक कराया प्लॉट, न कब्जा मिला न पैसा वापस
चारु अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने साल 2022 में अंसल API की ‘भरोसा योजना’ के तहत एक प्लॉट बुक कराया था, जिसके बदले उन्होंने कंपनी को 7 लाख रुपये का भुगतान किया। उन्हें उम्मीद थी कि जल्दी ही उन्हें रजिस्ट्री और कब्जा मिल जाएगा, लेकिन महीनों इंतज़ार करने के बाद भी न कोई अपडेट मिला, न ही प्लॉट मिला।
जब उन्होंने अंसल के अधिकारियों से जवाब माँगा, तो उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया। इसके बाद जब उन्होंने पैसे लौटाने की माँग की, तो कंपनी ने उनकी बात को भी नजरअंदाज कर दिया।

चारु अग्रवाल ने जब इस पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की तो उन्हें पता चला कि जिस प्लॉट के लिए उन्होंने भुगतान किया था, वही प्लॉट कई अन्य लोगों को भी बेच दिया गया है। यानी एक ही जमीन को बार-बार बेचकर अंसल API ने लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। चारु ने आरोप लगाया कि यह कोई इत्तफाक नहीं, बल्कि एक सुनियोजित योजना के तहत किया गया फ्रॉड है, जिसमें कई ग्राहकों से एक ही प्रॉपर्टी के नाम पर पैसा वसूला गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चारु अग्रवाल की शिकायत अंसल API के खिलाफ पहले से दर्ज सैकड़ों मामलों की तरह एक और कड़ी बन गई है, जिससे साफ जाहिर होता है कि कंपनी की कार्यप्रणाली में गंभीर अनियमितताएं हैं।
Also Read: Lucknow: CM आवास के पास महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

